उत्तर प्रदेश के लगभग तीन दर्जन जिले हीट वेव के अलर्ट पर है। प्रदेश के कई जिलों का तापमान बढ़कर 45 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है। वहीं मंगलवार को आजमगढ़ का तापमान भी 3 डिग्री कम होकर 39 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंच गया है। सोमवार को जिले का तापमान 42 डिग्री सेंटीग्रेड था। लगातार बढ़ रहे तापमान से जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित होता दिख रहा है। हालांकि शनिवार को जिले का तापमान कम था और प्रदेश के सबसे कम तापमान वाले जिले में आजमगढ़ था। पर मंगलवार सुबह से ही निकली तेज धूप से आम जन जीवन बुरी तरह से प्रभावित होता दिख रहा है। सड़क पर चलने वाले लोग गमछे और दुपट्टे के सहारे अपना मुंह ढक कर चलने को मजबूर हैं। लगातार भीषण गर्मी और उमस के कारण बिजली कटौती भी हो रही है जिससे लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का दावा है कि आने वाले समय में मौसम और गर्म होगा। अभी आम जनता को गर्मी से निजात मिलती नहीं दिख रही है। तेज धूप और गर्मी के बाद चल रही गर्म हवाओं से काफी समस्या हो रही है।
जिला प्रशासन ने जारी की है गाइडलाइन
लगातार मौसम में हो रहे बदलाव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने आम जनता के लिए गाइडलाइन जारी की है। जिला प्रशासन का कहना है कि जरूरी काम न होने पर दोपहर 12 से 4 बजे तक लोग अपने घरों से बाहर न निकले। और सूती कपड़े का प्रयोग करें। और सर ढक कर चले। ज्यादा से ज्यादा लिक्विड का प्रयोग करें जिससे हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचा जा सके।


