रीवा में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर तक 41.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लोग भीषण गर्मी से बेहाल रहे, लेकिन शाम करीब 7 बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश ने गर्मी से राहत दी, वहीं मौसम के इस बदलाव ने लोगों को चौंका दिया। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद शाम को आसमान में काले बादल छा गए। तेज गर्जना और हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। इससे पहले सोमवार को जिले के कई ग्रामीण इलाकों में ओलावृष्टि हुई थी, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं। किसानों में इसे लेकर चिंता बनी हुई है। अगले दिनों में भी ऐसे ही संकेत मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का बदला हुआ मौसम बना रह सकता है। कहीं-कहीं बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में तेज गर्मी और शाम को अचानक बारिश का यह बदलाव असामान्य है। किसानों ने ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर चिंता जताई है।


