भिंड में पिछले दो दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। तेज हवाओं, बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हुई बारिश के कारण जिले में गर्मी का असर काफी हद तक कम हुआ है। रविवार सुबह चटक धूप जरूर निकली, लेकिन वातावरण में बनी नमी के कारण लोगों को तेज गर्मी का अहसास नहीं हुआ। सुबह के समय हवाओं में ठंडक बनी रही, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना महसूस हुआ। गौरतलब है कि गुरुवार शाम से जिले के मौसम ने अचानक करवट ली थी। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी पर विराम लगा दिया। मौसम का यह बदलाव ऐसा रहा कि लोगों को गर्मी के बीच बरसात के मौसम जैसी अनुभूति होने लगी। दो दिनों से रुक-रुककर बारिश दर्ज
शुक्रवार को पूरे दिन धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली का खेल चलता रहा। शाम के समय फिर बादल घिर आए और कई क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही तेज हवाओं का दौर भी जारी रहा। शनिवार को भी मौसम का मिजाज पूरी तरह स्थिर नहीं रहा। दिनभर कभी धूप निकली तो कभी बादलों ने आसमान को ढंक लिया। शाम के समय चली ठंडी हवाओं ने मौसम को और अधिक सुहावना बना दिया। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। न्यूनतम तापमान 25॰ सेल्सियस दर्ज
रविवार को सुबह से आसमान साफ दिखाई दिया और तेज धूप खिली रही, लेकिन वातावरण में मौजूद नमी के कारण तापमान का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। वहीं अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले एक-दो दिनों में आसमान धीरे-धीरे साफ हो सकता है। इसके बाद धूप के तेवर फिर तेज होने की संभावना है। हालांकि फिलहाल दिनभर मौसम में हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है और बादलों की आंशिक आवाजाही देखने को मिल सकती है।


