Weather Alert: विदर्भ पर 48 घंटे भारी! मूसलाधार बारिश के साथ मंडरा रहा सतही हवाओं का खतरा, IMD का डबल अलर्ट

Weather Alert: विदर्भ पर 48 घंटे भारी! मूसलाधार बारिश के साथ मंडरा रहा सतही हवाओं का खतरा, IMD का डबल अलर्ट

Maharashtra Weather Forecast:महाराष्ट्र में बारिश का दौर अभी पूरी तरह थमा नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, मुंबई ने अगले पांच दिनों का जिला-वार पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, मुंबई सहित कोंकण क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं, विदर्भ के कई जिलों में अगले 48 घंटे मूसलाधार बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बनने का अनुमान है। जबकि मराठवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में तेज सतही हवाएं परेशानी का कारण बन सकती हैं। आईएमडी ने मध्य महाराष्ट्र के लिए येलो तो विदर्भ के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मुंबई-ठाणे में आंधी-बारिश की भविष्यवाणी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मुंबई में गुरुवार को हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 25 से 28 सितंबर के बीच मुंबई में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। वहीँ, पालघर में 24 से 28 सितंबर तक हल्की बारिश की संभावना है। ठाणे और रायगढ़ में 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद इन जिलों में हल्की बारिश का अनुमान है।

कोकण, मराठवाड़ा में गरज-चमक और तेज हवाओं का असर

रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में भी 24 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। रत्नागिरी में 28 सितंबर को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना भी जताई गई है। सिंधुदुर्ग में 26 और 28 सितंबर को हल्की बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।

मराठवाड़ा के कई जिलों में अगले दो-तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। जालना, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड और लातूर में कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। कुछ जिलों में इसके साथ हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें भी पड़ने का अनुमान है।

विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में विदर्भ के कई जिलों के लिए अपेक्षाकृत ज्यादा बारिश की चेतावनी दी गई है। चंद्रपुर, गडचिरोली और गोंदिया में 24 और 25 सितंबर को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

चंद्रपुर और गडचिरोली में 26 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना बताई गई है। इसके बाद 27 और 28 सितंबर को इन जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

नागपुर में 24 सितंबर को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश तथा गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है। 25 सितंबर को भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 26 सितंबर से नागपुर के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

अमरावती, अकोला और बुलढाणा में तूफानी बारिश, ओले पड़ने के आसार

अमरावती में 24 और 25 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं की संभावना है। 26 सितंबर को भी कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 27 और 28 सितंबर को कोई चेतावनी नहीं है।

अकोला और बुलढाणा में 24 और 25 सितंबर को कुछ स्थानों पर गरज-चमक, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके बाद दोनों जिलों के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

यवतमाल में भी भारी बारिश की संभावना

यवतमाल में आज कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं की संभावना है। 25 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश का अनुमान है। राहत की बात यह है कि 26 से 28 सितंबर के लिए कोई चेतावनी नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *