आबू रोड रेलवे स्टेशन पर ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत एक खास जागरूकता कार्यक्रम हुआ। इसका मकसद प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करना और यात्रियों को साफ-सफाई के लिए जागरूक करना था। इस दौरान यात्रियों को पंपलेट बांटे गए। उनसे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने, सिंगल यूज प्लास्टिक से बचने और साफ-सफाई रखने की अपील की गई। इसी कार्यक्रम में स्टेशन परिसर में ‘नेकी की दीवार’ का भी उद्घाटन किया गया। इस मौके पर जरूरतमंद बच्चों को खिलौने, फल और कपड़े बांटे गए। ‘नेकी की दीवार’ का मकसद जरूरतमंद लोगों तक जरूरी चीजें पहुंचाना है। रेलवे कर्मचारी और दूसरे लोग अपने घर में इस्तेमाल न होने वाले कपड़े, किताबें, खिलौने, घरेलू सामान और पैक्ड खाने का सामान इस दीवार पर रख सकेंगे। ताकि जिन लोगों को इनकी जरूरत है, वे इनका इस्तेमाल कर सकें।
इस कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक विष्णु शंकर व्यास, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक धर्म सिंह मीणा, HTC/बुकिंग सुपरवाइजर, RPF/ASI और RPF स्टाफ शामिल हुए। रेलवे के अलग-अलग विभागों के कर्मचारी, बिजली विभाग के स्टाफ और यात्रियों ने भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस पहल से ‘स्वच्छता के साथ सेवा और सहयोग’ का संदेश दिया गया। यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों से अपील की गई कि वे ‘नेकी की दीवार’ को उपयोगी चीजों के नियमित आदान-प्रदान का जरिया बनाएं।

