Rajasthan Politics : राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सीईसी ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश में सबसे बड़ा मुद्दा वोट चोरी का है। जो सरकार बन रही है, वह वोट चोरी से बन रही है। जनता का जनमत दूसरा था लेकिन चुनाव आयोग को अपनी साजिश में शामिल करके इन सरकारों को लूटने का काम किया है। चुनाव आयोग के तीनों सदस्यों के बहुमत के आधार पर फैसला होना चाहिए लेकिन इस पूरे सिस्टम को ज्ञानेश कुमार ने हाईजैक कर लिया है।
डोटासरा ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाए एवं सत्ता के लिए जो वोट लूटे गए हैं, उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए। ज्ञानेश कुमार ने स्वतंत्र संवैधानिक संस्था को हाईजैक करके मतदाता सूचियों में बदलाव, SIR प्रक्रिया में वोट काटने और फार्म-6 में बदलाव जैसे अनेक निर्णय करके ऐसी व्यवस्था कायम की, जिससे देश की सत्ता में बैठी भाजपा को सीधा फायदा पहुंच सके।
गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे लिखा कि 3 सदस्यीय चुनाव आयोग में 2 चुनाव आयुक्तों सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई गई। लेकिन मोदी सरकार और भाजपा के बड़े नेताओं के इशारे पर उन्हें अनसुना करके ये बेईमानी की गई।
नेता विपक्ष राहुल गांधी लगातार देश के सामने मतदाता सूचियों में छेड़छाड़ और ‘वोट चोरी’ को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब 2 चुनाव आयुक्तों की आपत्ति से हुए खुलासे के बाद कोई वजह नहीं बचती कि ज्ञानेश कुमार पद पर रहें। सत्ता लूटने की सच्चाई देश के सामने आ चुकी है। ज्ञानेश कुमार अब बच नहीं सकते, जो सत्ता लूटी गई है, उसका जवाब उन्हें देना पड़ेगा।
मदन राठौड़ का गोविंद सिंह डोटासरा पर पलटवार
इस पर राजस्थान भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, गोविंद सिंह डोटासरा एक तरह कहते हैं कि हम जीत गए और दूसरी तरफ कहते हैं कि भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग किया। सच क्या है? वो जहां जीतते हैं वहां अपनी पीठ थपथपाते हैं। जहां वो हारते हैं वहां पर रोना रोते हैं। ये उनकी आदत है।

