कुरुक्षेत्र जिले के हलालपुर गांव के किसान की मौत के मामले में परिवार के लोग वीजा एजेंट समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। उन्होंने पुलिस को आज शाम 5 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर थाने के सामने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन की चेतावनी दी है। लाभ सिंह ने 5 अप्रैल को वीजा एजेंट से परेशान होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया था। सोमवार यानी 20 अप्रैल की रात लाभ सिंह की चंडीगढ़ में सेक्टर-32 के सरकारी अस्पातल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। कल मंगलवार शाम को लाभ सिंह का शव गांव लाया गया, तो परिवार के लोग आरोपियों को पकड़ने की मांग करने लगे। परिवार ने किया संस्कार करने से मना परिवार ने लाभ सिंह का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। तब मौके पर पहुंचे लाडवा DSP निर्मल सिंह और SHO गुरनाम सिंह ने परिवार को समझाने की कोशिश की, लेकिन परिवार ने पहले आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग रखी। उनकी ओर से आज सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया। पुलिस से मिले रिश्तेदार आज अल्टीमेटम पूरा होने के बाद लाभ सिंह के रिश्तेदार लाडवा के DSP निर्मल सिंह से मिले। DSP निर्मल सिंह ने उनको आज शाम तक आरोपी एजेंट संदीप कुमार समेत अन्य की गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद भी परिवार शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया भेजने का मामला संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि वीजा एजेंट संदीप कुमार की उसके जीजा के साथ रिश्तेदारी पड़ती है। आरोपी ने उसके जीजा लाभ सिंह को फैमिली के साथ उसके बेटे कुलविंद्र के पास ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात कही थी। इसके लिए आरोपी ने उसके जीजा से अकाउंट में शो मनी दिखाने के लिए राजी लिया। 2 एकड़ जमीन का एग्रीमेंट किया आरोपी ने उसके जीजा से कहा था कि वह उसके अकांउट में पैसे डालता रहेगा और वो उन पैसे को निकाल कर उसे वापस कर देगा। इस पर उसका जीजा राजी हो गया और आरोपी ने उसके जीजा के अकाउंट में अलग-अलग टाइम पर करीब 45 लाख रुपए डलवा दिए। बाद में आरोपी ने इनकम टैक्स का डर दिखाकर 2 एकड़ जमीन का एग्रीमेंट करवा लिया। पैसे वापस और जमीन नाम करने का बनाया दबाव बाद में आरोपी संदीप कुमार ने लाभ सिंह पर 45 लाख दोबारा देने या फिर 2 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री उसके नाम पर करवाने का दबाव डाला। इससे तंग होकर लाभ सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। 14 अप्रैल को लाभ सिंह का बेटा कुलविंद्र भी ऑस्ट्रेलिया से घर लौट आया था। तीन टीमें कर रही काम- निर्मल सिंह उधर, लाडवा के DSP निर्मल सिंह ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए समेत तीन टीमें काम कर रही हैं। आरोपियों के परिवार और रिश्तेदारों से भी पूछताछ चल रही है।


