Vodafone Idea का शेयर उछलकर 52 हफ्तों के हाई पर पहुंचा, ब्रोकरेज फर्म्स से जानिए आगे क्या मिल रहे संकेत

Vodafone Idea का शेयर उछलकर 52 हफ्तों के हाई पर पहुंचा, ब्रोकरेज फर्म्स से जानिए आगे क्या मिल रहे संकेत

Vodafone Idea Share Growth: वोडाफोन आइडिया लिमिटेड के शेयरों में आज तेजी देखने को मिली है। मंगलवार को कंपनी का शेयर 4.59 प्रतिशत चढकर 13.45 रुपये पर बंद हुआ। आज कारोबार के दौरान इसने 13.68 रुपये का हाई बनाया, जो 52 हफ्ते का उच्च स्तर है। पिछले एक महीने में शेयर में 34 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई है। कंपनी को Adjusted Gross Revenue (AGR) में राहत मिलने और प्रमोटर निवेशकों द्वारा नई पूंजी निवेश की घोषणा के बाद से ही यह तेजी देखी जा रही है। हालांकि, शेयर में आई जबरदस्त तेजी के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने इसके वैल्यूएशन को लेकर सावधानी बरतना शुरू कर दिया है।

Nomura की नई रेटिंग और जोखिम संकेत

वैश्विक ब्रोकरेज नोमुरा होल्डिंग्स (Nomura Holdings) ने वोडाफोन आइडिया के लिए रेटिंग को Buy से हटाकर Neutral कर दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, चौथी तिमाही के नतीजे अनुमान के अनुसार रहे हैं। नोमुरा का मानना है कि प्रमोटर्स को वारंट जारी करने के प्रस्ताव से कंपनी की नेटवर्क विस्तार के लिए अतिरिक्त कर्ज जुटाने में मदद मिल सकती है। इसके बावजूद ब्रोकरेज ने चेतावनी दी कि अगर ग्राहकों की संख्या में वृद्धि या ARPU वृद्धि धीमी रही, तो शेयर पर दबाव लौट सकता है।

CLSA ने अपनाया सतर्क रुख

वैश्विक ब्रोकरेज सीएलएसए (CLSA) ने कंपनी की रेटिंग Accumulate से हटाकर Hold कर दी है, यानी वह कंपनी के और शेयर खरीदने की सलाह नहीं दे रही। ब्रोकरेज के अनुसार मार्च तिमाही में कंपनी का राजस्व 3 प्रतिशत बढ़ा। मोबाइल ARPU में तिमाही आधार पर 1 प्रतिशत और सालाना आधार पर 6 प्रतिशत की वृद्धि देखने को मिली। कंपनी के इस तिमाही के दौरान केवल 0.1 मिलियन ग्राहक कम हुए यानी कंपनी छोड़कर गए। इससे पहले वित्त वर्ष 2026 के शुरुआती नौ महीनों में 5.3 मिलियन ग्राहक घटे थे।

AGR राहत और फंडिंग पर टिकी आगे की दिशा

सरकार द्वारा AGR देनदारियों मे दी गई राहत के बाद वोडाफोन आइडिया के बकाये में कमी आई है। कंपनी ने अपनी देनदारी का मूल्य लगभग 24,800 करोड़ रुपये बताया है। इसके साथ ही कंपनी ने सूर्या इन्वेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड के लिए 4,730 करोड रुपये के प्रेफरेंशियल वारंट जारी करने को मंजूरी दी है। विश्लेषकों का मानना है कि इससे बैंकों का भरोसा मजबूत होगा। कंपनी की 45,000 करोड रुपये की नेटवर्क निवेश योजना और ARPU वृद्धि अब इसी फंडिंग पर निर्भर करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *