सिवनी जिले के गोरखपुर खुर्द गांव में पानी की किल्लत से परेशान ग्रामीणों का सब्र मंगलवार को जवाब दे गया। भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण खाली बर्तन लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में अपनी समस्या रखी। ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द समाधान की मांग की। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान गर्मी और भीड़ के कारण एक महिला और एक पुरुष की तबीयत अचानक बिगड़ गई। दोनों को तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले मंगलवार को भी अपनी समस्या लेकर आए थे, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। सूख चुके हैं हैंडपंप, नल-जल योजना भी ठप ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने अपनी व्यथा बताई- गांव के अधिकांश हैंडपंप या तो खराब हो चुके हैं या जलस्तर गिरने से सूख गए हैं। गांव में पाइपलाइन तो बिछी है, लेकिन उससे पानी नहीं मिल पा रहा है। घर की महिलाओं और बच्चों को चिलचिलाती धूप में दूर-दराज के इलाकों से पानी ढोना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने मांग की है कि खराब हैंडपंपों को तुरंत सुधारा जाए, नए हैंडपंप लगाए जाएं और नल-जल योजना की मोटर और पाइपलाइन को दुरुस्त किया जाए। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


