सम्भल के विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सोधन मोहम्मदपुर में जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी पिछले दो साल से अधूरी पड़ी है। निर्माण कार्य पूरा न होने और पाइपलाइन डालने के लिए गांव की सड़कों को खोद दिए जाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरे कार्य की वजह से गांव में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मुकेश ने बताया कि पानी की टंकी का निर्माण शुरू हुए दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के नाम पर गांव की सड़कों को खोद दिया गया, जिससे रास्ते बदहाल हो गए हैं। बरसात और गंदगी के कारण लोगों को रोजाना दिक्कत उठानी पड़ रही है। उन्होंने कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई समाधान न निकलने की बात कही। सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की ग्रामीण जयपाल सिंह ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि गांव की अधिकांश सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं। करीब तीन साल से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे गांव में गंदगी फैल रही है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने बताया कि संबंधित विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हो रही है। टंकी अभी आधी-अधूरी हालत में खड़ी है और लोगों को पेयजल सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में बीडीओ अमरजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायतें संज्ञान में आई हैं। संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से जानकारी मांगी गई है। अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए जाएंगे। इस मौके पर उदयवीर सिंह, जमुना सिंह, जोगेंद्र सिंह, यशवीर सिंह, राकेश कुमार, अमरीश अग्रवाल और धर्मवीर सिंह मौजूद रहे।


