विदिशा के शासकीय अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय कैंसर परीक्षण एवं उपचार शिविर के पहले दिन (शनिवार) बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने कैंसर जांच तथा विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया। इस शिविर में टाटा मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल मुंबई और एम्स भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की स्क्रीनिंग और परीक्षण किया। शिविर के पहले दिन कुल 1409 मरीजों का पंजीयन कर उनकी जांच की गई। जांच के बाद 468 मरीजों में कैंसर की पुष्टि हुई, जबकि 131 मरीज कैंसर संदिग्ध पाए गए। इन सभी मरीजों को आगे की जांच और उपचार के लिए चिन्हित कर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिनभर पंजीयन काउंटर पर भीड़ रही
विशेषज्ञ चिकित्सकों के अनुसार, कैंसर की शुरुआती अवस्था में पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसी उद्देश्य से यह शिविर आयोजित किया गया है, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ जांच और परामर्श की सुविधा मिल सके। शिविर में कैंसर रोगियों को जांच के साथ उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई। मेडिकल कॉलेज में दिनभर पंजीयन काउंटर और जांच केंद्रों पर मरीजों की भीड़ देखी गई। दूसरे दिन भी होगी जांच
पहले दिन के आंकड़े बताते हैं कि जांच के लिए पहुंचे मरीजों में बड़ी संख्या ऐसे लोगों की रही जिनमें कैंसर के लक्षण या बीमारी की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमित जांच की आवश्यकता को रेखांकित करती है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, शिविर के दूसरे दिन भी पंजीयन, जांच और विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा जारी रहेगी। कैंसर संदिग्ध और कैंसर से पीड़ित मरीजों को आगे के उपचार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और रेफरल सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


