मेरठ के कंकरखेड़ा स्थित नाले से बरामद बॉडी राष्ट्रीय खिलाड़ी अनुष्का पाल की थी या नहीं, जल्द इस राज से पर्दा उठ जाएगा। दरअसल, पुलिस ने DNA जांच की प्रक्रिया शुरु कर दी है। शनिवार को चिकित्सकों की टीम की मदद से कंकरखेड़ा पुलिस ने परिजनों के सैंपल एकत्र कर लिए। रविवार को एक टीम यह सैंपल लेकर हैदराबाद लैब के लिए रवाना होगी। दौराला थाना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी नेमपाल सिंह की 17 वर्षीय बेटी अनुष्का पाल उर्फ रिया राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी थी। गांव से शहर आना मुश्किल होता था, इसलिए अनुष्का कंकरखेड़ा इलाके में किराए का मकान लेकर रहती थी। साथ में छोटा भाई अनमोल भी रहा करता था। 16 अप्रैल को अनुष्का संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पहले परिजनों ने काफी तलाशा लेकिन जब कुछ पता नहीं चला तो उन्होंने कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। फास्ट फूड कॉर्नर चलाने वाला गिरफ्तार
अनुष्का की गुमशुदगी दर्ज हो जाने के बाद पुलिस ने छानबीन तेज कर दी। उसकी कॉल डिटेल्स व लोकेशन का पता किया तो फोन बंद होने से पहले वह आखिरी बार फास्ट फूड कॉर्नर चलाने वाले देहरादून निवासी श्याम धानक के साथ थी। पुलिस ने श्याम धानक को हिरासत में लेकर दो दिन पूछताछ की लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद श्याम धानक को छोड़ दिया गया। श्याम की निशानदेही पर बॉडी बरामद
पुलिस को शुरुआत से ही श्याम धानक की गतिविधियों पर शक था। एक बार छोड़ने के बाद उन्होंने श्याम की निगरानी शुरु कर दी लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर चंडीगढ़ भाग गया। पुलिस ने उसकी घेराबंदी की और गिरफ्तार कर मेरठ ले आई। यहां उसकी निशानदेही पर अनुष्का का शव नाले के भीतर से एक बोरे में बरामद किया गया। 3600 रुपये के लिए कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि अनुष्का का फास्ट फूड कॉर्नर चलाने वाले श्याम धानक के यहां आना जाना था। अनुष्का पर श्याम धानक का करीब 3600 रुपये उधार था, जिसे वह मांगता था। आरोप है कि एक दिन अनुष्का ने श्याम धानक को धमका दिया। दोनों के बीच नोकझोंक हुई। उसी रात श्याम धानक ने धोखे से अनुष्का को बुलाकर उसकी हत्या की और शव बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया। मां ने बॉडी अनुष्का की होने से किया इंकार
अनुष्का का शव बरामद कर पुलिस ने परिजनों को जैसे ही मोर्चरी बॉडी की शिनाख्त के लिए बुलाया, पूरा मामला बदलता चला गया। मां ने बॉडी अनुष्का की होने से मना कर दिया और उसे ले जाने से भी इंकार कर दिया। उनका कहना था कि अनुष्का के छोटे बाल थे, जबकि बॉडी के बड़े बाल हैं। काफी देर हंगामा हुआ। एसएसपी आफिस पर अफसरों ने समझाया और DNA जांच का आश्वासन देकर परिजनों को बॉडी का अंतिम संस्कार करने के लिए राजी कर लिया। शनिवार को जुटाए गए सैंपल
शनिवार को कंकरखेड़ा पुलिस ने DNA जांच की प्रक्रिया शुरु कर दी। पुलिस अपने साथ चिकित्सकों की टीम लेकर चिरौड़ी गांव पहुंची, जहां पिता नेमपाल, मां ललिता और भाई अनमोल के ब्लड सैंपल DNA जांच के लिए जुटाए गए। उधर, अनुष्का की बॉडी का अंतिम संस्कार करने से पहले पुलिस सैंपल जुटा चुकी थी। अनुष्का की बॉडी से बाल और दांत के सैंपल पुलिस ने DNA मिलान के लिए उठाए हैं। हैदराबाद लैब में होगी DNA जांच
DNA जांच के लिए जो सैंपल जुटाए गए हैं, उनको रविवार को पुलिस की एक टीम लेकर हैदराबाद के लिए रवाना होगी। पुलिस यह जांच मोदीनगर पतला निवाड़ी स्थित लैब में करा सकती थी लेकिन हैदराबाद से जांच कराए जाने का निर्णय लिया गया है। कोशिश यही की जा रही है कि जल्द से जल्द जांच कराकर उसकी रिपोर्ट मंगा ली जाए ताकि अनुष्का के शव को लेकर जो संशय व सवाल उठे थे, वह खत्म हो जाएं। एसपी सिटी बोले- जांच को भेजे जा रहे सेंपल
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि शनिवार को अनुष्का के परिवार के ब्लड सैंपल ले लिए गए हैं। इनको रविवार को एक टीम जांच के लिए हैदराबाद लेकर रवाना हो जाएगी। कोशिश यही की जा रही है कि रिपोर्ट पारदर्शी और जल्द से जल्द मिल सके।


