पोकरण कस्बे के गुराणियों की गली में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान में सेंघ लगाकर चांदी के सिक्कों सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। स्थानीय निवासी सुभाष चांडक ने बताया कि उसके चाचा द्वारकादास चांडक का मकान गुराणियों की गली में स्थित है। जिनका पूरा परिवार सूरत में व्यापार करता है। जिससे मकान सूना ही पड़ा है। बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने घर में प्रवेश किया। चोरों ने मकान के सभी कमरों के ताले तोड़ दिए और सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। अंदर एक कमरे में रखी अलमारी व तिजोरी को भी तोड़कर खोल दिया। उसमें से चांदी के कुछ सिक्के, चांदी की दो तस्वीरें, तांबे व पीतल के बर्तन चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब पड़ौसियों ने मकान का दरवाजा खुला देखा तो चोरी की जानकारी हुई। कस्बे के ह्रदयस्थल गांधी चौक से चंद कदम दूरी और घनी आबादी के बीच स्थित मकान में सेंध मारकर चोरी की वारदात की सूचना से हड़कंप मच गया।


