बिस्तर पर लैपटॉप चलाना है खतरनाक! जानें नुकसान और बचने के आसान तरीके

बिस्तर पर लैपटॉप चलाना है खतरनाक! जानें नुकसान और बचने के आसान तरीके

Tips To Avoid Laptop Overheating: आज के समय में पढ़ाई या वर्क फ्रॉम होम के कारण घंटों कुर्सी पर बैठकर काम करना मुश्किल हो जाता है, इसलिए लोग बिस्तर पर लैपटॉप चलाना बेहतर समझते हैं। अगर आप भी बिस्तर पर लैपटॉप रखकर इस्तेमाल करने के शौकीन हैं, तो यह आदत आपके और आपके लैपटॉप, दोनों के लिए महंगी पड़ सकती है। आज के इस लेख में हम लैपटॉप को बिस्तर पर रखकर इस्तेमाल करने से होने वाले नुकसान के बारे में बताने जा रहे हैं। अगर आप इन पर ध्यान नहीं देंगे, तो ये भविष्य में आपके लिए काफी नुकसानदेह हो सकते हैं।

लैपटॉप ओवरहीट क्यों होता है? (Why Does Laptop Overheat?)

लैपटॉप के नीचे छोटे-छोटे वेंट्स होते हैं, जो लैपटॉप को ठंडा रखने और ओवरहीटिंग से बचाने के लिए हवा अंदर खींचने और बाहर निकालने का काम करते हैं। जब आप लैपटॉप को बिस्तर, सोफे या तकिए जैसी नरम चीजों पर रखते हैं, तो ये वेंट्स पूरी तरह ब्लॉक हो जाते हैं। इससे ठंडी हवा अंदर नहीं जा पाती और गर्म हवा बाहर नहीं निकल पाती, जिससे लैपटॉप के अंदर के पार्ट्स बहुत जल्दी गर्म हो जाते हैं। ऐसे में अगर आपको बिस्तर पर लैपटॉप चलाना ही है, तो आप लैपटॉप स्टैंड, लैपट्रे या किसी हार्ड फोल्डर जैसी सख्त चीज पर रख के इस्तेमाल करें, ताकि वेंट्स खुले रहें और उसे सही हवा मिलती रहे।

मदरबोर्ड और हार्डवेयर को खतरा (Damage to Motherboard and Hardware)

लैपटॉप के लगातार ओवरहीट होने से इसके अंदर के सेंसिटिव पार्ट्स, खासकर मदरबोर्ड को बहुत नुकसान पहुंचता है। ऐसे में अगर आप लंबे समय तक इस पर ध्यान न दें, तो गर्मी के कारण लैपटॉप का सिस्टम धीमा हो सकता है या कभी-कभी मदरबोर्ड जल भी सकता है, जिसे रिपेयर करवाना काफी महंगा पड़ता है।

बैटरी फूलने और फटने का डर (Battery Damage and Fire Hazard)

ओवरहीटिंग लैपटॉप की बैटरी की सबसे बड़ी दुश्मन है। बहुत ज्यादा गर्म होने पर लैपटॉप की बैटरी फूल सकती है या उसकी लाइफ बहुत कम हो सकती है। सबसे खतरनाक स्थिति यह है कि ओवरहीटिंग के कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट हो सकता है, जिससे आग लग सकती है। ऐसे में बिस्तर पर रखा लैपटॉप और भी ज्यादा आग फैलाने में मददगार साबित हो सकता है।

कूलिंग फैन खराब होना (Cooling Fan Malfunction)

बिस्तर पर इस्तेमाल करने के कारण लैपटॉप का फैन हवा के साथ-साथ बिस्तर के छोटे-छोटे रेशे और धूल के कण अंदर खींचने लगता है। यह गंदगी फैन और कूलिंग सिस्टम में जमा हो जाती है, जिससे फैन जाम हो सकता है या उसकी घूमने की रफ्तार धीमी हो जाती है। एक बार कूलिंग सिस्टम खराब हो जाए, तो लैपटॉप हमेशा गर्म ही रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *