खराब धनिया-मेथी पर सल्फर-कलर का इस्तेमाल:नीमच के बघाना में मिलावट का खुलासा, गोदाम सील

खराब धनिया-मेथी पर सल्फर-कलर का इस्तेमाल:नीमच के बघाना में मिलावट का खुलासा, गोदाम सील

नीमच जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त कार्रवाई की है। उपनगर बघाना थाने के पास अरनिया कुमार स्थित ‘पंकज नीरज फर्म’ के गोदाम पर जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा। निरीक्षण के दौरान, खराब हो चुकी मेथी, धनिया और अजवाइन पर प्रतिबंधित सल्फर केमिकल और सिंथेटिक कलर चढ़ाकर उनकी चमक बढ़ाने का बड़ा खेल सामने आया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से गोदाम को सील कर दिया है। यह कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई, जिसमें एसडीएम संजीव साहू, तहसीलदार संजय मालवीय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी और बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम डांगी पुलिस बल के साथ मौजूद थे। अखाद्य और घटिया गुणवत्ता वाली उपज का स्टॉक अधिकारियों ने गोदाम के अंदर का दृश्य देखकर हैरानी जताई। वहां अखाद्य और घटिया गुणवत्ता वाली उपज का भारी स्टॉक मिला। परिसर में भट्ठियां जल रही थीं, जिनका उपयोग मेथी और धनिए को सल्फर की धूनी देकर चमकाने के लिए किया जा रहा था। टीम ने मौके से लगभग सवा बोरी सल्फर केमिकल और अन्य संबंधित सामग्री जब्त की। प्रशासन की यह छापामार कार्रवाई सुबह से दोपहर बाद तक जारी रही। खाद्य विभाग की टीम ने मौके से संदिग्ध मेथी, धनिया और अजवाइन के नमूने लिए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जा रहा है। कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि गोदाम में रखे स्टॉक के दस्तावेजों और टैक्स चोरी से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच हो सके। अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद फर्म संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सल्फर युक्त मेथी, अखाद्य सामग्री एसडीएम संजीव साहू ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर अखाद्य और मिलावटी पदार्थों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। अरनिया कुमार में पंकज नीरज फर्म के गोदाम पर जांच के दौरान सल्फर युक्त मेथी, अखाद्य सामग्री और भट्ठियां पाई गई हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी उपजों के सैंपल लिए गए हैं। फिलहाल गोदाम को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। मंडी प्रशासन को भी स्टॉक के मिलान और जांच के निर्देश दिए गए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *