बहराइच में एक नहर में डूबने से 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। बालक गुरुवार दोपहर से लापता था, जिसका शव शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उसके गांव से लगभग 3 किलोमीटर दूर नहर में उतराया हुआ मिला। यह घटना नानपारा कोतवाली क्षेत्र में हुई। ककरहा बोधवा के पास नहर में शव देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाल राजनाथ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। बाद में शव की शिनाख्त ग्राम पंचायत केशवापुर निवासी नाजबाबू के बेटे साहबेआलम के रूप में हुई। साहबेआलम गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे अपने गांव केशवापुर में बह रही नहर में गर्मी से राहत पाने के लिए नहाने गया था। तभी से वह लापता था। हालांकि, परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। प्रभारी निरीक्षक राजनाथ सिंह ने बताया कि मृतक बालक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


