US Iran Deal Update: अमरीका-ईरान के बीच शांति समझौते का मसौदा तैयार होने के बावजूद भी अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और सुप्रीम लीड मोजतबा खामेनेई की सहमति का इंतजार है। अमरीकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि दोनों देश समझौते के करीब हैं,लेकिन यूरेनियम संवर्धन के मुद्दे पर सहमति बनना बाकी है। वेंस ने दावा किया कि अगर समझौता हो जाता है तो होर्मुज स्ट्रेट फिर से खुल जाएगा। 60 दिन के प्रस्तावित युद्ध विराम में अंतिम शांति समझौते पर बातचीत होगी।
हालांकि दोनों ही तरफ से तनाव की स्थिति अभी भी बरकरार है। इस बीच समझौते के मसौदे को लेकर जानकारी भी सामने आई है। इसमें सबसे चौंकाने वाला बिंदु ईरान में पुनर्निर्माण के लिए 300 अरब डॉलर के निवेश पर सहमति है। बताते चलें कि ईरान युद्ध की शुरुआत से युद्ध में हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति करने की मांग कर रहा है।
समझौते के मसौदे के मुख्य बिंदु
- दोनों देश युद्धविराम को 60 दिनों तक बढ़ाएंगे। इस अवधि में स्थायी समझौते और ईरान के परमाणु कार्यक्रम व संवर्धित यूरेनियम भंडार पर बात होगी।
- होर्मुज स्ट्रेट पर जल परिवहन को सामान्य किया जाएगा। ईरान बारूदी सुरंगें हटाएगा। अमरीका समुद्री नाकेबंदी में राहत देगा।
- ईरान में 300 अरब डॉलर के निवेश व पुनर्निर्माण कार्यक्रम का प्रस्ताव। ईरानी तेल और ऊर्जा क्षेत्र में अमरीकी कंपनियों की एंट्री की संभावना।
- ईरान की विदेश में अरबों डॉलर की फ्रीज संपत्तियों को रिलीज करना और अमरीकी प्रतिबंधों में राहत। लेबनान युद्ध में तनाव घटाने का प्रावधान भी शामिल।
भारत में इजरायल के लिए जर्बदस्त प्यार- नेतन्याहू
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा भारत की प्रशंसा करते हुए गुरुवार को कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में इजरायल को आलोचनाओं को सामना करना पड़ता है,लेकिन भारत में स्थिति अलग है। भारत में इजरायल के लिए अविश्वसनीय ओर जर्बदस्त प्यार देखने को मिलता है। भरत जैसे शक्तिशाली देश के साथ हमारा अनूठा संबंध है। सोशल मीडिया पर भी उनके सबसे ज्यादा फॉलोवर्स भारत से ही हैं। वहीं इजरायली सेना ने लेबनान में युद्ध का अपना दायरा बढ़ा दिया है। 10 किमी के येलो सुरक्षा जोन से आगे सैन्य टुकडिय़ां लितानी नदी के उत्तर तक पहुंच गई है।
ओमान ने कहा नहीं वसूलेंगे टोल
होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान के साथ मिलकर टोल वसूली के आरोपों और ट्रंप की धमकी के बाद ओमान ने ईरान से दूरी बना ली है। अमरीकी वित्तमंत्री स्टॉक बेसेंट ने बताया कि उनकी ओमान के राजदूत से बात हुई। उन्होंने भरोसा दिया है स्ट्रेट पर टोल लगाने की कोई योजना नहीं है।
अमरीकी युद्ध विमान गिराने के दावे को नकारा
ईरान ने शुक्रवार को दक्षिणी प्रांत बुशहर में अमरीकी युद्धक विमान को मार गिराने का दावा किया। हालांकि अमरीकी सेना ने इस दावे को झूठा करार दिया है। ईरान ने इस विमान को गिराने के लिए नए एयरडिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करने का भी दावा किया है। वहीं ईरानी तेल ढो रहे शैडो फ्लीट के आठ टैंकर जहाजों पर अमरीका ने प्रतिबंध लगा दिया है।


