इटावा: उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई ने कुलपति प्रो० (डॉ०) अजय सिंह के मार्गदर्शन में ग्राम कल्याणपुर राहीन में एक मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया। शुक्रवार को आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और लोगों को विभिन्न रोगों के प्रति जागरूक करना था। यह कैंप विश्वविद्यालय की विलेज आउटरीच कमेटी के तत्वावधान में लगाया गया। इसमें मेडिसिन, सर्जरी, आर्थोपेडिक, नेत्र रोग, ईएनटी, डेंटल, पीडियाट्रिक, महिला एवं प्रसूति रोग, पीएमआर और ऑप्टोमेट्री विभागों के विशेषज्ञ शामिल हुए। “स्पेशलाइज्ड पैथोलॉजी ऑन व्हील्स” के तहत पैथोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और माइक्रोबायोलॉजी विभागों के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी और पैरामेडिकल कर्मचारी भी सक्रिय रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान श्रीमती नीतू यादव और विलेज आउटरीच कमेटी के प्रभारी डॉ० अजय गुप्ता ने फीता काटकर किया। ग्राम प्रधान ने विश्वविद्यालय और कुलपति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बहुत उपयोगी हैं। उन्होंने “पैथोलॉजी ऑन व्हील्स” अभियान की विशेष सराहना की, जिसमें गांव-गांव जाकर निःशुल्क रक्त जांच की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस कैंप में 225 से अधिक मरीजों का विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को चिकित्सीय परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त, 200 से अधिक मरीजों के रक्त परीक्षण और अन्य स्वास्थ्य जांच भी की गईं। शिविर के दौरान अत्यधिक गर्मी और हीट वेव से बचाव के लिए एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों और किसानों को दिन के उपयुक्त समय में कृषि कार्य करने, शरीर को हाइड्रेटेड रखने और गर्मी से बचाव के उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर ओआरएस के सैंपल भी वितरित किए गए। कैंप में 25 मई से 31 मई तक मनाए जा रहे “तंबाकू निषेध सप्ताह” के तहत लोगों को तंबाकू और गुटखा सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक किया गया। ग्रामवासियों को तंबाकू सेवन न करने की शपथ भी दिलाई गई। देखें मेडिकल कैंप की फोटो…


