UP News: कौन हैं देवरिया के नए DM मधुसूदन हुल्गी? जानिए उनका प्रशासनिक सफर

UP News: कौन हैं देवरिया के नए DM मधुसूदन हुल्गी? जानिए उनका प्रशासनिक सफर

योगी सरकार द्वारा किए गए प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2015 बैच के IAS अधिकारी मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का नया DM नियुक्त किया गया, बुधवार को देवरिया पहुंचकर उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। बता दें कि मधुसूदन हुल्गी इससे पहले CM कार्यालय में विशेष सचिव एवं उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें देवरिया जैसे महत्वपूर्ण जनपद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग से हैं B.Tech, इन पदों पर रह चुके हैं तैनात

कर्नाटक के बेलगावी (बेलगाम) निवासी मधुसूदन हुल्गी ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech करने के बाद UPSC परीक्षा उत्तीर्ण की। अपने प्रशासनिक करियर में उन्होंने महोबा में असिस्टेंट मजिस्ट्रेट, अयोध्या में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, सुल्तानपुर और वाराणसी में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सहित कई अहम पदों पर कार्य किया है। इसके अलावा मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने जिम्मेदारी निभाई।
दिसंबर 2022 में उन्हें सर्व शिक्षा अभियान में एडिशनल स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया था। जून 2024 में उन्होंने कौशांबी के DM के रूप में कार्यभार संभाला। बाद में अक्टूबर 2025 में CM कार्यालय में विशेष सचिव और आवास एवं विकास परिषद में अपर आवास आयुक्त नियुक्त किए गए।

कलक्ट्रेट सभागार में DM दिव्या मित्तल को दी गयी विदाई

देवरिया में स्थानांतरित DM दिव्या मित्तल को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक भावपूर्ण समारोह के दौरान विदाई दी गई। इस मौके पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा उन्हें बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

विदाई समारोह में भावुक हुईं DM दिव्या मित्तल

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि “देवरिया में मिला प्रेम और स्नेह कभी भुलाया नहीं जा सकता, यहां का अपनापन हमेशा याद रहेगा।” उन्होंने जनपद में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके निष्ठापूर्ण कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि देवरिया में एक सक्षम और समर्पित टीम है, जो अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करती है। यहां के लोगों का स्नेह उनके लिए हमेशा विशेष रहेगा।

बड़ी संख्या में अधिकारी और अधिवक्ता रहे उपस्थित

इस अवसर पर CDO राजेश सिंह, CRO, ADM सहित विभिन्न उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों ने जिलाधिकारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया।समारोह में अधिवक्ता गणों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन DGC नवनीत मालवीय द्वारा किया गया। इस दौरान विकास, राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *