बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर बुधवार दोपहर एक किसान की ट्रैक्टर-ट्रॉली से अचानक सड़क पर भारी मात्रा में मक्का बिखर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं स्थानीय विधायक अर्चना चिटनिस ने यह नजारा देखा तो अपना काफिला रुकवा दिया। वे खुद गाड़ी से नीचे उतरीं और किसान के साथ उसकी बिखरी हुई उपज समेटने में मदद की। घटना बुधवार दोपहर को ताप्ती ब्रिज के पास हुई। एक किसान अपनी मक्का की उपज ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर ले जा रहा था। तभी अचानक चलते वाहन में ट्रॉली का पिछला पल्ला खुल गया और मक्का सड़क पर फैल गई। उपज बिखरने से किसान परेशान हो गया और उसे अकेले ही समेटने की कोशिश करने लगा। विधायक के साथ कार्यकर्ताओं और लोगों ने भी बंटाया हाथ
हादसे के वक्त विधायक अर्चना चिटनिस अपने काफिले के साथ वहां से गुजर रही थीं। सड़क पर किसान को परेशान देखकर उन्होंने तुरंत गाड़ी रुकवाई और बिना देर किए खुद मदद के लिए पहुंच गईं। विधायक को सड़क पर अपने हाथों से मक्का समेटते देख उनके साथ मौजूद कार्यकर्ता और आसपास के आम लोग भी इस काम में जुट गए। ‘किसान ही जानता है उपज तैयार करने की मेहनत’
मक्का समेटने के बाद विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा, “एक किसान कितनी मेहनत से अपनी उपज तैयार करता है, यह सिर्फ वही जानता है। सड़क पर किसान की मेहनत को यूं बिखरते देख मैंने तुरंत मदद करने का फैसला किया।” इस दौरान विधायक ने परेशान किसान से बातचीत कर उसका हौसला भी बढ़ाया।


