अमरोहा में आपातकालीन पुलिस सेवा UP-112 को बुधवार को नई मजबूती मिली। पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने 9 नई दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इन वाहनों के बेड़े में शामिल होने से पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम कम होगा और आमजन को तेजी से सहायता मिल सकेगी। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि इन बाइकों की तैनाती से खासकर शहरी इलाकों, भीड़भाड़ वाली जगहों और संकरी गलियों में तुरंत पहुंचना आसान होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस की मौजूदगी बेहतर होगी। जाम की स्थिति में भी पुलिस बिना देरी के मौके पर पहुंच पाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि UP-112 पर आने वाली हर कॉल को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि हर मामले में तत्परता, संवेदनशीलता और पूरी प्रोफेशनल दक्षता के साथ कार्रवाई की जाए। एसपी यादव ने दोहराया कि जनसुरक्षा कायम रखना, कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में जिले के अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। सभी ने बेहतर पुलिसिंग और त्वरित आपातकालीन सहायता देने की प्रतिबद्धता जताई। एसपी ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक तुरंत UP-112 सेवा का इस्तेमाल करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।


