Hanumangarh: एआई से बनाया युवती का आपत्तिजनक वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी, जानिए फिर क्या हुआ

Hanumangarh: एआई से बनाया युवती का आपत्तिजनक वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी, जानिए फिर क्या हुआ

हनुमानगढ़। आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने और पूर्व में दर्ज मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाने के आरोप में पांच जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार एक युवती ने रिपोर्ट दी कि गांव पंडितांवाली निवासी रोहिताश उर्फ रोहित जाखड़, किरण, रेखा, राजेश और मीरादेवी पिछले दो हफ्तों से उसे बार-बार उसका कोई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। साथ ही मार्च महीने में दर्ज करवाए गए मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं।

यह वीडियो भी देखें

आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज

पुलिस के मुताबिक युवती की पूर्व रिपोर्ट के आधार पर 13 मार्च को आरोपी किरण, रेखा और रोहित जाखड़ के खिलाफ छेड़छाड़ और अपशब्द देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जिसकी कुछ दिन पहले जमानत हुई है। युवती का आरोप है कि आरोपी और उनके परिवार के लोग फिर से उसे परेशान कर रहे हैं। आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

युवती से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, जांच तेज

वहीं दूसरी तरफ रावतसर कस्बे में शनिवार शाम एक युवती से बाइक सवार युवक की ओर से छेड़छाड़ किए जाने के मामले में पुलिस लगातार जांच कर रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दो टीमों का गठन किया है। थाना प्रभारी ईश्वरानंद ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

वहीं महिला के पति को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है, क्योंकि दोनों के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक युवती छोटे बच्चे के साथ सड़क पर जाती दिखाई दे रही है। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए युवक ने युवती से छेड़छाड़ की और मौके से फरार हो गया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना सामने आने के बाद लोगों में रोष है और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *