उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में चाचा की हत्या के आरोप में भतीजे को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को चौधरीखेड़ा पुल से खेवरई जाने वाले मार्ग पर दबिश देकर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ट्रैक्टर चाचा के नाम पर खरीदा गया था और वे लगातार पैसों की मांग कर रहे थे, जिससे परेशान होकर उसने हत्या कर दी। यह घटना मतलबपुर गांव की है, जहां बीते शनिवार शाम बुजुर्ग मुन्नू की उनके भतीजे ने लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद मामले को छिपाने का प्रयास किया गया। मृतक के दूसरे भतीजे प्रमोद ने पुलिस को तहरीर दी थी कि चाचा की मौत ट्रैक्टर की टक्कर से हुई है। इस आधार पर पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। दो दिन बाद इस मामले में नया मोड़ आया, जब एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में भतीजा जितेंद्र अपने चाचा मुन्नू को लाठी से पीटता हुआ स्पष्ट दिख रहा था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। वीडियो के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज मुकदमे में संशोधन कर गैर इरादतन हत्या की धारा जोड़ी और आरोपी की तलाश तेज कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का डंडा और ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।


