Ukraine Drone Attack On Russia: रूस में यूक्रेन के ड्रोन अटैक से एक भारतीय मजदूर की मौत और तीन घायल, 500 से ज्यादा ड्रोन से हुआ था हमला

Ukraine Drone Attack On Russia: रूस में यूक्रेन के ड्रोन अटैक से एक भारतीय मजदूर की मौत और तीन घायल, 500 से ज्यादा ड्रोन से हुआ था हमला

Ukraine Attack On Russia: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध खतरनाक और नया अपडेट तब आया जब यूक्रेन ने 500 से ज्यादा ड्रोन के साथ रूस पर हमला कर दिया। हमले के बाद कई इलाकों में धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस हमले में 4 लोगों की मौत भी हो गई। इस हमले के बाद रूस में भारतीय दूतावास ने इस संबंध में अपडेट दिए हैं। सोशल मीडिया साइट ‘X’ पर पोस्ट लिखकर उन्होंने बताया कि इस हमले में एक भारतीय मजदूर की भी मौत हो गई है। साथ ही 3 अन्य भारतीय इस हमले में घायल भी हो गए हैं।

यूक्रेन की राजधानी कीव पर हुआ था हमला

कुछ दिन पहले रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर जोरदार हमला किया था। उस हमले में कई रिहायशी इमारतें तबाह हुई थीं और 24 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने खुलकर रूस को चेतावनी दी थी कि आम नागरिकों और शहरों को निशाना बनाने की कीमत मॉस्को को चुकानी पड़ेगी। अब माना जा रहा है कि यूक्रेन का ताजा ड्रोन अटैक उसी चेतावनी का जवाब था।

500 से ज्यादा यूक्रेनी ड्रोन गिराए गए-रूस

रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसकी एयर डिफेंस प्रणाली ने 556 यूक्रेनी ड्रोन को रास्ते में ही मार गिराया। हालांकि रूस यह भी मान रहा है कि कई ड्रोन अपने लक्ष्य तक पहुंचने में कामयाब भी रहें। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रूस के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमलों की वजह से कई इलाकों में नुकसान हुआ है। कुछ रिहायशी क्षेत्रों में धमाकों के बाद आग लगने की भी खबरें सामने आईं। चार मौतों में से तीन मौतें मॉस्को क्षेत्र में हुईं, जबकि एक व्यक्ति की जान बेलगोरोद इलाके में गई, जो यूक्रेन सीमा के पास स्थित है।

मेयर ने क्या बताया?

रिपोर्ट के अनुसार मॉस्को के मेयर ने बताया कि हालिया ड्रोन हमलों के दौरान राजधानी के कुछ इलाकों में ड्रोन का मलबा गिरा, जिससे मामूली नुकसान हुआ है। मेयर ने टेलीग्राम पर जानकारी शेयर करते हुए कहा कि रूस की हवाई सुरक्षा प्रणाली ने पिछले 24 घंटों में कई ड्रोन मार गिराए।

लगातार हमले जारी

मंगलवार को रूस और यूक्रेन के बीच कैदियों की अदला-बदली हुई थी। इसके साथ ही तीन दिन का अस्थायी संघर्ष विराम भी खत्म हो गया। उसके बाद से दोनों देशों ने फिर से हमलों की रफ्तार बढ़ा दी है। करीब चार साल से जारी इस युद्ध में रूस लगातार यूक्रेन के कई हिस्सों पर हमले कर रहा है। जवाब में यूक्रेन भी रूस के अंदर ड्रोन और मिसाइल हमले करता रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *