दो साल के मासूम को ओवरलोड छोटा हाथी ने कुचला:मेरठ के टीपीनगर में हादसा, बच्चे की हालत गंभीर

दो साल के मासूम को ओवरलोड छोटा हाथी ने कुचला:मेरठ के टीपीनगर में हादसा, बच्चे की हालत गंभीर

मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में 22 माह का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। गोपाल विहार इलाके में नाना के घर आए इस बच्चे को एक ओवरलोड ‘छोटा हाथी’ वाहन ने कुचल दिया। वाहन के दो पहिए बच्चे के ऊपर से गुजर गए, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बच्चे का दिल्ली-एनसीआर के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना सोमवार सुबह गोपाल विहार में हुई। गंगानगर निवासी प्रतिमा अपने बच्चों के साथ मायके आई हुई थीं। उनका 22 माह का बेटा समर्थ घर के बाहर सड़क किनारे खड़ा था। तभी सामान से लदा एक ‘छोटा हाथी’ वाहन वहां से गुजरा और बच्चे को टक्कर मार दी। वाहन के दोनों पहिए मासूम के ऊपर से निकल गए। हादसे के बाद परिजन तुरंत बच्चे को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत के कारण रेफर कर दिया गया। इसके बाद समर्थ को गाजियाबाद के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिवार के अनुसार, हादसे में बच्चे की कई पसलियां टूट गई हैं और डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस घटना से परिवार में नाराजगी और चिंता का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि रिहायशी इलाकों में ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही से लगातार खतरा बना रहता है, लेकिन इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। पुलिस ने ‘छोटा हाथी’ के नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे इलाके में लोगों में रोष व्याप्त है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *