शाहजहांपुर में बुधवार रात पुलिस और दो लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना बुधवार रात करीब आठ बजे की है। पुलिस ने बाइक सवार आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, जिस पर उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी जमीन पर गिर गए। आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के उधमसिंह नगर निवासी मोहम्मद रफी और उसके साथी मोहम्मद अकरम के रूप में हुई है। यह मुठभेड़ कुछ दिन पहले हुई एक चेन लूट की घटना से जुड़ी है। 25 मई को कैंट क्षेत्र में एक महिला मंदिर से पूजा कर घर लौट रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था। पीड़िता ने सदर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एफआईआर दर्ज की। लूट की घटना के खुलासे के लिए एसपी सौरभ दीक्षित ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। एसओजी, थाना सदर बाजार और सर्विलांस टीम को सूचना मिली कि चेन लूटने वाले आरोपी फिर से किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पुवायां रोड की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। आरोपियों ने जंगल की ओर भागने की कोशिश की और पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आरोपियों के पास से तमंचे, कारतूस और लूटी गई चेन बेचकर मिले 21 हजार रुपये बरामद किए हैं। सीओ सिटी पंकज पंत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।


