लखनऊ राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज को बुधवार को नया नेतृत्व मिल गया। सुमीत कुमार श्रीवास्तव ने कॉलेज के नए प्रिंसिपल के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पहले ही दिन उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर संस्थान की वर्तमान स्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कार्यभार संभालने के बाद सुमीत श्रीवास्तव ने कॉलेज परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। शिक्षकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कॉलेज में आने वाले प्रत्येक छात्र को बेहतर शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी शिक्षकों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा। शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक के दौरान कॉलेज में टाटा ड्रोन लैब की स्थापना को लेकर भी चर्चा हुई। प्रिंसिपल ने इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे जल्द धरातल पर उतारने की आवश्यकता बताई। उनका मानना है कि ड्रोन तकनीक से छात्रों को नई तकनीकी शिक्षा और रोजगार के अवसरों से जोड़ने में मदद मिलेगी। IIT-JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं शुरू की जाएंगी सुमीत श्रीवास्तव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि कॉलेज में जल्द ही IIT-JEE और NEET की निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं शुरू की जाएंगी। इससे आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर अवसर मिलेगा। कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल विनोद कुमार सहित सभी शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे। नए प्रिंसिपल की नियुक्ति से कॉलेज में शैक्षणिक और तकनीकी गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


