सहारनपुर के नागल थाना क्षेत्र में पुलिस और पशु चोरों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और चोरी की गई एक जिंदा भैंस बरामद की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात दिल्ली-हरिद्वार निर्माणाधीन हाईवे पर ग्राम नैनसोब के जंगल में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग एक भैंस को लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। इसमें एक आरोपी नासिर पुत्र कय्यूम कुरैशी निवासी पांडौली, थाना नागल के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। घायल आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ। वहीं दूसरा आरोपी नदीम पुत्र महताब तेली निवासी पांडौली, थाना नागल भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिंदा भैंस भी बरामद की है। पूछताछ में नासिर ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कुछ दिन पहले नागल थाना क्षेत्र के रसूलपुर खेड़ी गांव से इस भैंस की चोरी की थी। पुलिस के मुताबिक बरामद भैंस नागल थाने में दर्ज मुकदमा जो पशु चोरी के मामले में दर्ज किया गया था। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


