गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपपुर गांव निवासी एक युवक की महाराष्ट्र के नागपुर में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचा, जिससे परिवार में शोक छा गया। मृतक की पहचान गोपपुर निवासी धीरज पाल (22) पुत्र चिंता पाल के रूप में हुई है। धीरज कुछ माह पहले रोजी-रोटी की तलाश में नागपुर गया था, जहां वह ट्रक चालक के रूप में कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, 16 मई की सुबह ट्रक चलाते समय वह एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। धीरज अपने तीन भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। वह परिवार का मुख्य कमाने वाला सदस्य था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार सदमे में है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि धीरज की आय से ही परिवार का भरण-पोषण होता था।


