मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हुआ। मंडी से सब्जी लेकर जा रहे एक मोटरसाइकिल रिक्शा को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर के कारण रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदी सब्जियां सड़क पर बिखर गईं। हादसे में रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। थाना हाईवे पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अगनपुरा, थाना रिफाइनरी निवासी जगदीश पुत्र रतन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस फिलहाल ट्रक चालक की तलाश कर रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।


