फरीदाबाद में बल्लभगढ़ की सब्जी मंडी में 22 अप्रैल को मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, महिला द्वारा लगातार ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर युवक ने उसकी हत्या कर दी थी। क्राइम ब्रांच की टीम ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच के एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि 22 अप्रैल को बल्लभगढ़ की सब्जी मंडी में करीब 44-45 वर्षीय महिला का शव मिला था। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला की मौत अंदरूनी चोट लगने के कारण हुई है। 26 साल पहले महिला ने की थी कोर्ट मैरिज जांच के दौरान महिला की पहचान फिरोजा उर्फ आरती के रूप में हुई, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी और पिछले करीब 25 वर्षों से फरीदाबाद में रह रही थी। वर्ष 2000 में उसने बुलंदशहर निवासी मुकेश से कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन करीब 14-15 साल बाद वह उससे अलग हो गई। इसके बाद आरती, सनी नाम के युवक के संपर्क में आ गई और उसके साथ रहने लगी। सनी की मौत के बाद वह उसके भाई राकेश के संपर्क में आई और कुछ समय बाद राकेश की भी बीमारी के कारण मौत हो गई। कई लोगों के संपर्क में आई इसके बाद महिला का संपर्क राकेश और सनी के भाई वीरू से हो गया। पुलिस के अनुसार, वीरू कुछ समय पहले एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल से छूटकर आया था और मुजेसर में रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था। जांच में सामने आया कि फिरोजा और वीरू के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। इसी दौरान महिला वीरू को संबंधों का हवाला देकर ब्लैकमेल करने लगी और उससे बार-बार पैसे मांगने लगी। कई बार आरोपी ने उसे पैसे भी दिए, लेकिन लगातार ब्लैकमेल से वह परेशान हो गया था। पैसों की डिमांड करने पर हुआ झगड़ा 21-22 अप्रैल की रात को दोनों बल्लभगढ़ की सब्जी मंडी के पास मिले। वहां दोनों ने शराब पी और इसी दौरान महिला ने फिर से पैसे की मांग शुरू कर दी। इस बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में आकर वीरू ने ईंट-पत्थर से महिला के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद वीरू फरार हो गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच करते हुए आरोपी वीरू को आज (1 मई की) सुबह मुजेसर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि आरोपी शादीशुदा है और सेक्टर-24 की एक निजी कंपनी में काम करता है। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।


