रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग:लाखों का नुकसान, व्यापारी ने जताई साजिश की आशंका

रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी आग:लाखों का नुकसान, व्यापारी ने जताई साजिश की आशंका

फिरोजाबाद के कस्बा फरिहा में रविवार को एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित व्यापारी ने आगजनी के पीछे साजिश की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। कस्बा फरिहा निवासी व्यापारी सुरेश चंद्र राठौर की रेडीमेड कपड़ों की दुकान एक लोहे के खोखे में संचालित होती है। रविवार को उनके भतीजे प्रदीप बाहर निकले थे, तभी उन्होंने दुकान को आग की लपटों से घिरा देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश रेडीमेड कपड़ों का सामान जलकर राख हो चुका था। व्यापारी के अनुसार, आग से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। सभी पहलुओं से जांच की जा रही घटना की सूचना पर थाना फरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। व्यापारी सुरेश चंद्र राठौर ने बताया कि उनकी दुकान में कोई बिजली कनेक्शन नहीं था, जिससे शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना नहीं है। उन्हें आशंका है कि आग किसी शरारती या संदिग्ध व्यक्ति द्वारा लगाई गई है। व्यापारी ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सके। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष है, और उन्होंने गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *