आज धार आएंगे मुख्यमंत्री, रोड शो निकालते हुए भोजशाला पहुंचेंगे:धारेश्वर मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे; मुंज सागर तालाब घाट पर करेंगे श्रमदान

आज धार आएंगे मुख्यमंत्री, रोड शो निकालते हुए भोजशाला पहुंचेंगे:धारेश्वर मंदिर में भी दर्शन-पूजन करेंगे; मुंज सागर तालाब घाट पर करेंगे श्रमदान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज (सोमवार) धार आने वाले हैं। इसे लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10 बजे धार पहुंच जाएंगे। इसके तत्काल बाद वे राजवाड़ा से रोड शो की शुरुआत करेंगे। यह रोड शो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचेगा, जहां मुख्यमंत्री मां वाग्देवी के दर्शन और पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। भोजशाला दर्शन के बाद मुख्यमंत्री मोतीबाग चौक पहुंचेंगे, जहां आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। सभा में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। प्रशासन ने सभा स्थल पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग और पार्किंग की तैयारी की है। धारेश्वर मंदिर पूजा, फिर श्रमदान करेंगे
सभा के बाद मुख्यमंत्री प्राचीन धारेश्वर मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वे देवीजी गढ़ स्थित कालिका माता मंदिर में माता के दर्शन करेंगे। धार्मिक कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मुंज सागर तालाब घाट पहुंचेंगे, जहां जल गंगा संवर्धन गंगा दशहरा अभियान के तहत श्रमदान करेंगे और जल संरक्षण का संदेश देंगे। ट्रैफिक डायवर्ट और नो व्हीकल जोन लागू
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए धार पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन और नो व्हीकल जोन लागू किया है। डीआरपी हेलीपेड से इंदौर नाका, घोड़ा चौपाटी, हटवाड़ा, आनंद चौपाटी, राजवाड़ा होते हुए भोजशाला तथा भोजशाला-धारेश्वर मार्ग से छत्री तिराहा, मतलबपुरा, देवीजी मंदिर, पाटीदार स्कूल और राजनंदिनी तिराहा तक भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। केवल आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को अनुमति दी जाएगी। इंदौर, धामनोद, नालछा और माण्डव की ओर से आने वाले भारी वाहनों को धरावरा फाटा से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं धार शहर से माण्डव और धामनोद की ओर जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन से एक घंटा पहले कुछ मार्ग पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। कटऑफ एवं डायवर्जन पॉइंट बनाए गए
धार पुलिस द्वारा रतलाम नाका, जेतपुरा फाटा, ज्ञानमंदिर महाविद्यालय धरावरा, राजनंदिनी तिराहा और मतलबपुरा फाटा को प्रमुख कटऑफ एवं डायवर्जन पॉइंट बनाया गया है। कार्यक्रम में आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दोपहिया वाहनों की पार्किंग पुरानी सब्जी मंडी में रहेगी, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए सरस्वती शिशु मंदिर, राठौड़ धर्मशाला, पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास बड़ा खेत और अनाज मंडी में पार्किंग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा छत्री तिराहा से भोजशाला, नालछा दरवाजा से भोजशाला और भोजकन्या तिराहा से विक्रम नगर तिराहा तक क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… MP हाईकोर्ट ने धार भोजशाला को वाग्देवी मंदिर माना मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने धार की भोजशाला को वाग्देवी मंदिर माना है। शुक्रवार को दिए फैसले में हाईकोर्ट ने कहा- हमने पुरातात्विक और ऐतिहासिक तथ्यों, एएसआई की सर्वे रिपोर्ट पर विचार किया है। ASI एक्ट के प्रावधानों के साथ-साथ अयोध्या मामले को भी आधार माना। ऐतिहासिक और संरक्षित जगह देवी सरस्वती का मंदिर है। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *