टंकी पर चढ़कर महिला बोली, मेरे पति की शादी रुकवाओ

टंकी पर चढ़कर महिला बोली, मेरे पति की शादी रुकवाओ

राजस्थान के दौसा जिले के ललासोट के निकट राहुवास कस्बे में रविवार को एक विवाहिता पति की दूसरी शादी से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। करीब आठ घंटे तक चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद दोपहर करीब एक बजे प्रशासन, पुलिस और परिजनों की समझाइश पर महिला नीचे उतरने को राजी हुई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

राहुवास थानाधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि भराव निवासी 29 वर्षीय अनिता उर्फ अंगूरी मीना बहरावण्डा हनुमान मंदिर के सामने स्थित पानी की टंकी पर चढ़ी हुई है। महिला की शादी वर्ष 2017 में राहुवास निवासी धनराज पुत्र भरतलाल मीना के साथ हुई थी। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि लंबे समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और पति महिला को साथ नहीं रख रहा था। इसी बीच पति द्वारा दूसरी शादी किए जाने की सूचना मिलने पर महिला आक्रोशित होकर टंकी पर चढ़ गई।थानाधिकारी ने बताया कि महिला की ओर से पहले किसी प्रकार की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पति द्वारा दूसरी शादी की जानकारी भी ग्रामीणों के माध्यम से मिली। घटना की सूचना पर नांगल राजावतान डिप्टी एसपी दीपक मीना, तहसीलदार महेश शर्मा, गिरदावर हरिनारायण मीना एवं ग्राम पंचायत प्रशासक मोतीलाल मीना मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद सिविल डिफेंस की टीम भी पहुंची और एहतियात के तौर पर टंकी के नीचे जाल बिछाया गया।मौके पर मौजूद जलदाय विभाग के पंप चालक ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब वह मौके पर पहुंचे तो एक महिला और एक पुरुष टंकी पर चढ़े हुए थे। पुरुष को तो नीचे उतार लिया गया, लेकिन महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

समझाइश के प्रयास भी किए

महिला के भाई सीताराम मीना ने आरोप लगाया कि पहले पति ने उसकी बहन को नौकरी की तैयारी के लिए पीहर भेज दिया था। नौकरी लगने के बाद ससुराल पक्ष ने 15 लाख रुपए दहेज की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।परिजनों का कहना है कि पति धनराज की जयपुर में लग्न की रस्म पूरी हो चुकी है और 25 मई को दूसरी शादी होनी है, जबकि उनकी बहन के भविष्य को लेकर कोई निर्णय नहीं किया गया।वहीं, बहरावण्डा ग्राम पंचायत के सरपंच रामफूल मीना ने बताया कि शादी के शुरुआती एक-दो वर्ष तक अनिता ससुराल में ही रही थी। बाद में विवाद बढ़ने पर कई बार समझाइश के प्रयास भी किए गए, लेकिन स्थिति नहीं सुधरी।

पति और ससुर को बुलाने की मांग पर अड़ी रही महिला

सुबह करीब 11 बजे महिला के पीहर पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों से बातचीत के बाद कुछ परिजन टंकी पर चढ़कर महिला को समझाने लगे, लेकिन वह और अधिक आक्रोशित हो गई तथा नीचे कूदने की धमकी देने लगी।महिला ने साफ कहा कि जब तक उसका पति और ससुर मौके पर नहीं आएंगे, वह नीचे नहीं उतरेगी। उसका कहना था कि दूसरी शादी से पहले उसके भविष्य के बारे में फैसला होना चाहिए।काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोपहर करीब एक बजे महिला नीचे उतरने को तैयार हुई। पुलिस सुरक्षा के बीच उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया।

पति समेत ससुराल पक्ष पर मामला दर्ज

थानाधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया कि महिला अनिता मीना की रिपोर्ट पर पति धनराज मीना, ससुर भरतलाल, सास सहित अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर लिए हैं और प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *