लखीमपुर खीरी में ईद-उल-अजहा पर कड़ी सुरक्षा:पुलिस ने जिले को जोन-सेक्टर में बांटा, फ्लैग मार्च कर व्यवस्था जांची

लखीमपुर खीरी में ईद-उल-अजहा पर कड़ी सुरक्षा:पुलिस ने जिले को जोन-सेक्टर में बांटा, फ्लैग मार्च कर व्यवस्था जांची

लखीमपुर खीरी में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ शहर और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, संदिग्धों पर निगरानी रखने और माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। त्योहार के मद्देनजर, पूरे जनपद को सुरक्षा की दृष्टि से 2 सुपर जोन, 7 जोन और 27 सेक्टर में बांटा गया है। इसके अतिरिक्त, 105 पोस्टर पार्टियों का गठन कर उन्हें विभिन्न थाना क्षेत्रों में तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूर्वी सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक पवन कुमार गौतम को और पश्चिमी सुपर जोन की जिम्मेदारी अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार राय को सौंपी गई है। सभी क्षेत्राधिकारी अपने-अपने जोन में निगरानी करेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए 7 क्यूआरटी टीम, 2 ड्रोन सर्विलांस पार्टियां और 2 रिजर्व पार्टियां भी गठित की गई हैं। थाना कोतवाली सदर, खीरी, मोहम्मदी, धौरहरा और ईसानगर में पीएसी बल भी तैनात किया गया है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कुर्बानी स्थलों का पूर्व निरीक्षण करने और किसी भी प्रतिबंधित पशु की कुर्बानी न होने देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, 28 मई की सुबह 3 बजे से पोस्टर पार्टियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त शुरू करने और हर गतिविधि की सूचना सेक्टर एवं थाना प्रभारियों को देने को कहा गया है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *