ग्रेटर नोएडा में फ्लैट में लगी आग:फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पाया काबू, सोफा, फ्रिज समेत अन्य सामान जले

ग्रेटर नोएडा में फ्लैट में लगी आग:फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने पाया काबू, सोफा, फ्रिज समेत अन्य सामान जले

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ला रेजिडेंशिया सोसायटी में 12वीं मंजिल के एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। इस हादसे में फ्लैट का सारा सामान जलकर राख हो गया, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र स्थित ला रेजिडेंशिया सोसायटी के टावर 21 में हुई। फ्लैट नंबर 1202 में धीरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 1 बजे अचानक फ्लैट में आग लग गई। पड़ोसियों ने बालकनी की तरफ आग देखकर उन्हें इसकी जानकारी दी। परिवार ने तुरंत मेंटेनेंस टीम को बुलाया, लेकिन वहां आग बुझाने के उपकरण मौजूद नहीं थे। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया। फ्लैट के अंदर रखे बेड, सोफे, फ्रिज, एसी और मोबाइल फोन सहित सभी घरेलू सामान जलकर राख हो गए। समय रहते परिवार के सभी सदस्य फ्लैट से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जिला दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्हें रात 12:45 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वायर में आग लगने के बाद वह एसी के कंप्रेसर तक पहुंच गई, जिससे कंप्रेसर फट गया और आग पूरे फ्लैट में फैल गई। हालांकि, परिवार वालों ने बताया कि एसी उस समय चल नहीं रहा था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *