वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से तीन खोखे बरामद:स्कैनिंग में संदिग्ध वस्तु दिखी, दिल्ली जा रहे यात्री से पूछताछ

वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से तीन खोखे बरामद:स्कैनिंग में संदिग्ध वस्तु दिखी, दिल्ली जा रहे यात्री से पूछताछ

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शुक्रवार को दिल्ली जा रहे एक यात्री के हैंडबैग से कारतूस के तीन खोखे बरामद किए गए। सुरक्षा जांच के दौरान संदिग्ध वस्तु मिलने पर यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जौनपुर के तुलापुर थाना सिंगरामऊ गांव निवासी विशाल मिश्रा उर्फ अन्नू मिश्रा दोपहर करीब 3:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचे थे। वह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 2266 से दिल्ली जाने वाले थे। विशाल ने अपना बोर्डिंग पास लेने के बाद सिक्योरिटी होल्ड एरिया में प्रवेश किया। हवाई यात्रा से पहले सीआईएसएफ के जवानों द्वारा की जा रही जांच के दौरान उनके हैंडबैग की स्कैनिंग की गई। स्कैनिंग मशीन ने बैग के अंदर किसी संदिग्ध सामग्री का संकेत दिया। इसके बाद सीआईएसएफ जवानों ने बैग खोलकर जांच की, जिसमें से तीन कारतूस के खोखे मिले। खोखे मिलने के बाद यात्री को तुरंत रोक लिया गया। सीआईएसएफ ने तत्काल फूलपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और यात्री को बाबतपुर पुलिस चौकी ले गई। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यात्री ने गलती से खोखे बैग में आ जाने की बात कही है। वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों ने बताया कि बरामद खोखे .32 बोर के हैं। प्रारंभिक जांच के बाद यात्री और बरामद खोखों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *