सहारनपुर में तलवार से केक काटने का एक वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो में कुछ युवक हाथों में तलवारें लेकर अपने दोस्त का जन्मदिन मनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक खुलेआम तलवारें लहराते हुए केक काटते नजर आ रहे हैं। मामला गागलहेड़ी थाना क्षेत्र का है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग युवकों की इस हरकत की आलोचना कर रहे हैं। वीडियो में युवक बिना किसी डर के सार्वजनिक रूप से तलवारों का प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि तलवार से केक काटने का वीडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन अपराध है और ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पुलिस वीडियो की सत्यता और घटना स्थल की पुष्टि करने में जुटी हुई है।


