गोकशी के लिए ले जाए जा रहे तीन गोवंश छुड़ाए:प्रयागराज में विहिप गोरक्षा प्रांत ने की धरपकड़, दो गोतस्कर मैजिक से कूदकर भागे

गोकशी के लिए ले जाए जा रहे तीन गोवंश छुड़ाए:प्रयागराज में विहिप गोरक्षा प्रांत ने की धरपकड़, दो गोतस्कर मैजिक से कूदकर भागे

प्रयागराज में विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षक सचल दस्ते और पुलिस की कार्रवाई में रविवार को फाफामऊ पुल के पास गोवंश से लदी एक टाटा मैजिक पकड़ी गई। वाहन में दो गाय और एक बैल लदे हुए थे। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया, जबकि दो लोग भाग निकले।
सूचना के आधार पर की गई घेराबंदी
विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षा विभाग के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी के अनुसार, उन्हें लगातार सूचना मिल रही थी कि करेली क्षेत्र में डेयरी संचालित करने वाला एक व्यक्ति दूध देना बंद कर चुकी गायों को नवाबगंज क्षेत्र स्थित अपने गांव भेजकर उनका वध कराता है। इसी सूचना के आधार पर गौरक्षक सचल दस्ते ने फाफामऊ पुल के निकट टीबी अस्पताल के पास निगरानी शुरू की।
वाहन रोकने पर मिले तीन गोवंश
विहिप कार्यकर्ताओं के अनुसार, संदिग्ध टाटा मैजिक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें दो गाय और एक बैल लदा मिला। वाहन रुकते ही उसमें सवार दो लोग कूदकर भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपी ने बताए नाम
पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम ओंकार निषाद निवासी जीटीबी नगर, करेली बताया। विहिप कार्यकर्ताओं का दावा है कि पूछताछ में उसने बताया कि वह गोवंश को नवाबगंज क्षेत्र के दिलावरपुर गांव ले जा रहा था। उसने यह भी आरोप लगाया कि वाहन से भागने वालों में डेयरी संचालक बूल्लू खान और उसका भाई शामिल थे।
पुलिस ने वाहन और गोवंश को लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलने पर शिवकुटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टाटा मैजिक, उसमें लदे तीनों गोवंश तथा पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश शुरू की। बाद में पुलिस ने नामजद आरोपी बूल्लू खान को भी गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके भाई की तलाश जारी है।
गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, मामले में विजय पांडे की तहरीर पर थाना शिवकुटी में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कार्रवाई में शामिल रहे ये लोग
विश्व हिंदू परिषद के गौरक्षक सचल दस्ते में लवलेश बजरंगी, दीपचंद, अभिषेक, विशाल सोनी, शुभम मिश्रा, टीटू विश्वकर्मा, आशीष यादव, गोविंद कुमार और मुकेश बजरंगी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *