जिस तथाकथित हिंदूवादी नेता नकुल गुर्जर को पुलिस तलाश कर रही है, वह एक साल पहले भी गैंगरेप से जुड़े एक मामले में जेल में रहकर आया है। उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें नकुल का जेल से जमानत पर छूटने के बाद जोरदार स्वागत किया गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पहले एक नजर पूरे मामले पर
मेडिकल पुलिस ने शनिवार को एक सूचना के बाद कार सवार दो युवकों के पास से बदहवास हालत में एक युवती को बरामद किया। हिंदूवादी नेता नकुल गुर्जर की ओर से यह सूचना दी गई थी। पुलिस ने दोनों आरोपों को दबोचकर युवती को बरामद किया। बाद में जो खुलासा हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया। हिंदूवादी नेता ने रची थी साजिश
पुलिस ने कार सवार जीशान व शाहवेज को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की। जल्द ही युवती की हालत में भी सुधार आ गया। उससे पूछने पर खुलासा हुआ कि हिंदूवादी नेता नकुल गुर्जर ने रुपये का लालच देकर उसे तैयार किया ताकि जीशान व शाहवेज को फंसाया जा सके। इसके बाद से पुलिस नकुल की तलाश में जुट गई जो रविवार शाम तक भी हाथ नहीं आया। नकुल का वीडियो आया सामने
इस पूरे घटनाक्रम के आरोपी नकुल का रविवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में नकुल फूल मालाओं से लदा दिखाई पड़ रहा है। दरअसल, एक साल पहले नकुल पर गैंगरेप का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यह वीडियो उस वक्त का है, जब नकुल जेल से जमानत पर छूटा था। गैंगस्टर के आरोपी जैसा स्टाइल
नकुल पुलिस की गिरफ्त से दूर है लेकिन जिस तरह से उसने जीशान व शाहवेज को फंसाने का षड्यंत्र किया, उसने एक पुराने अपराधी के तौर तरीकों की याद दिला दी। दरअसल, वह अपराधी भी लोगों को फंसाने के लिए युवतियों को लालच देकर अपने साथ मिला लेता था और युवती वही करती थी जो वह कहता था। चर्चा तो यहां तक है कि नकुल भी उसी गैंग का सदस्य रहा है। नकुल की तलाश में दबिश जारी
एसएचओ सत्यवीर सिंह ने बताया कि नकुल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं। जो वीडियो वायरल हुआ है, उसका भी संज्ञान ले लिया गया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पुलिस काम कर रही है। जीशान-शाहवेज कोर्ट में पेश
एसएचओ ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने पहले जीशान व शाहवेज को हिरासत में लिया था लेकिन उसके बाद चौकाने वाला खुलासा हो गया। दोनों युवकों को कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया गया है। नकुल की तलाश की जा रही है।


