माउंट मैककिनले से गिरे तीन पर्वतारोहियों की मौत, सिर्फ एक की बची जान

माउंट मैककिनले से गिरे तीन पर्वतारोहियों की मौत, सिर्फ एक की बची जान

अमेरिका (United States of America) के अलास्का (Alaska) राज्य में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। डेनेली नेशनल पार्क एंड प्रिज़र्व (Denali National Park and Preserve) में नॉर्थ अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट मैककिनले (Mount McKinley) से चार पर्वतारोही गिर गए। चारों ही लातविया (Latvia) के थे। इनमें से तीन पर्वतारोहियों की मौत हो गई। सिर्फ एक की जान बचाई जा सकी, लेकिन इस घटना में गंभीर रूप से घायल होने की वजह से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

27-28 मई की रात को लातविया से सात सदस्यीय टीम वेस्ट बटरेस रूट पर चढ़ रही थी। डेनेली पास के करीब लगभग 18,200 फीट की ऊंचाई से चार सदस्य अचानक गिर गए। डेनेली नेशनल पार्क रेंजर्स ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बर्फीले मौसम की वजह से काफी मुश्किल हुई लेकिन 29 मई को एक पर्वतारोही को 17,200 फीट के बेसिन से हेलीकॉप्टर से बचाया गया और अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतकों की लाशों को ढूंढने की कोशिश जारी है, लेकिन खराब मौसम होने की वजह से इसमें समय लग रहा है।

मृतकों और बचने वालों के नाम आए सामने

इस हादसे में जिन तीन पर्वतारोहियों ने अपनी जान गंवा दी, उनके नाम Inese Pučeka, Vija Olte और Renārs Kunigs-Salaks हैं। वहीँ जिस पर्वतारोही की जान बची, उसका नाम Mārtiņš Bilzēns है। लातवियाई माउंटेनियरिंग एसोसिएशन ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की टीम अनुभवी थी, लेकिन ऊंचाई, थकान, खराब मौसम और बर्फीली सतह ने एक पल में सब बदल दिया।

खतरनाक है माउंट मैककिनले

माउंट मैककिनले पर हर साल सैकड़ों पर्वतारोही चढ़ते हैं, लेकिन सभी को ऐसा करने में कामयाबी नहीं मिलती। 20,310 फीट / 6,190 मीटर ऊंची इस पर्वतीय छोटी पर चढ़ना बेहद ही मुश्किल है। ऊंचाई पर तापमान -40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है जिससे काफी ठंड रहती है। करीब 160 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से तेज़ हवा चलती है। इस पहाड़ पर कई दरारें भी हैं। डेनेली पास में पहले भी कई हादसे हुए हैं। पार्क सर्विस के अनुसार ऐसी ऊंचाइयों पर छोटी सी गलती भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *