देवनारायण भगवान राष्ट्रीय महोत्सव और श्रद्धांजलि सभा के तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। इस दौरान यहां कुशालीदर्रा शहीद स्थल पर श्रद्धा और उत्साह का अलग ही माहौल देखा गया। महोत्सव में गुर्जर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों की संख्या में लोग पैदल रैली और वाहन रैली के रूप में शहीद स्थल पहुंचे। यहां गुर्जर समाज के लोगों ने भगवान देवनारायण के जयकारों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीद स्थल पर पद दंगल और रसिया दंगल का हुआ आयोजन कार्यक्रम के दौरान पहले दिन कन्हैया दंगल एवं रसिया दंगल का आयोजन किया गया। इसमें तलवाड़ा, बराना और बयाना की प्रसिद्ध पार्टियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पारंपरिक रसिया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर समाजजन देर तक झूमते नजर आए। आयोजन समिति के अनुसार रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें हनुमान निमोद, हनुमान नेमली, नर्सिंग जयसिंहपुरा एवं मुकेश ठीकरिया सहित कई कलाकार अपनी भक्ति प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के भी विशेष इंतजाम किए गए। इस दौरान कुशालीदर्रा शहीद स्थल पर एतिहात के तौर पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा।


