गुरुवार को अयोध्या का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस:रात के समय चल रही हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिल रही

गुरुवार को अयोध्या का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस:रात के समय चल रही हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिल रही

अयोध्या में पिछले दो दिनों से मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव देखने को मिल रहा है। रात के समय चल रही हवाओं से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन दिन में हवा न चलने के कारण उमस और गर्मी बरकरार है। आंशिक बादल छाए रहने से तेज धूप से थोड़ी राहत जरूर महसूस की जा रही है, हालांकि तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने बताया कि गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 79 प्रतिशत तथा न्यूनतम 39 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति 5.4 किलोमीटर प्रति घंटा रही और हवाएं दक्षिणी-पश्चिमी दिशा से चलीं। जिले में गुरुवार को वर्षा नहीं हुई। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। उन्होंने बताया कि औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने और पूर्वी व पश्चिमी दिशा से सामान्य तथा तेज गति से हवाएं चलने की संभावना है। इसके बावजूद उमस भरी गर्मी और उष्ण लू से फिलहाल राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। गर्मी और उमस के कारण दिन के समय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय आवाजाही कम दिखाई दे रही है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *