Male Infertility Risk Factors: आजकल पुरुषों में इनफर्टिलिटी यानी बांझपन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पहले इसे सिर्फ महिलाओं से जुड़ी समस्या माना जाता था, लेकिन अब रिसर्च बता रही है कि पुरुषों की खराब लाइफस्टाइल और रोजमर्रा की कुछ आदतें भी इसकी बड़ी वजह बन रही हैं।
EMJ Reviews में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक मोटापा, धूम्रपान, खराब नींद, प्रदूषण और कुछ दवाइयां पुरुषों के स्पर्म की गुणवत्ता को नुकसान पहुंचा सकती हैं। वहीं National Library of Medicine (PMC) में प्रकाशित जर्नल में भी मोबाइल फोन, तनाव और अनहेल्दी लाइफस्टाइल को पुरुषों की फर्टिलिटी पर असर डालने वाला बताया गया है।
मोटापा और जंक फूड
रिसर्च के अनुसार ज्यादा वजन और खराब खानपान पुरुषों की प्रजनन क्षमता को कमजोर कर सकता है। जंक फूड, ज्यादा तेल-मसाला और प्रोसेस्ड फूड शरीर में सूजन बढ़ाते हैं, जिससे स्पर्म की संख्या और उनकी गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। रिसर्च की मानें तो हेल्दी डाइट, हरी सब्जियां, फल और ड्राई फ्रूट्स फर्टिलिटी को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।
स्मोकिंग और शराब
सिगरेट और शराब का असर सिर्फ फेफड़ों या लिवर पर नहीं, बल्कि स्पर्म हेल्थ पर भी पड़ता है। रिसर्च के मुताबिक धूम्रपान करने वाले पुरुषों में स्पर्म की गति और संख्या कम हो सकती है। लगातार शराब पीने से शरीर का हार्मोन बैलेंस बिगड़ सकता है, जिससे पिता बनने में परेशानी हो सकती है।
कम नींद और ज्यादा तनाव
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव और नींद की कमी आम हो गई है। लेकिन इसका असर पुरुषों की फर्टिलिटी पर भी पड़ सकता है। रिसर्च बताती है कि कम नींद लेने से टेस्टोस्टेरोन हार्मोन प्रभावित होता है, जिससे स्पर्म की गुणवत्ता कमजोर हो सकती है।
मोबाइल फोन जेब में रखना
PMC जर्नल में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक लंबे समय तक मोबाइल फोन को पैंट की जेब में रखने से भी नुकसान हो सकता है।विशेषज्ञों का मानना है कि मोबाइल से निकलने वाली रेडिएशन और गर्मी टेस्टिकल्स के तापमान को बढ़ा सकती है, जिससे स्पर्म बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। हालांकि इस विषय पर अभी और रिसर्च जारी है।
प्रदूषण और केमिकल्स
रिसर्च में यह भी सामने आया कि प्रदूषण, कीटनाशक, सीसा (Lead) और कुछ इंडस्ट्रियल केमिकल्स स्पर्म हेल्थ को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसके अलावा कुछ वायरल इंफेक्शन और दवाइयां भी पुरुषों की फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकती हैं।
क्या करें बचाव?
EMJ Reviews में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक कुछ आसान बदलाव मददगार हो सकते हैं:
- रोजाना एक्सरसाइज करें
- हेल्दी डाइट लें
- धूम्रपान और शराब से बचें
- 7-8 घंटे की नींद लें
- तनाव कम करें
- मोबाइल लंबे समय तक जेब में न रखें
डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।


