हापुड़ जिले के करीब 3 लाख गैस उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। अब घरेलू गैस सिलेंडर सीधे उनके घर तक पहुंचाए जाएंगे। जिला पूर्ति विभाग ने इस नई व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिले में लगभग 35 गैस एजेंसियां करीब 3 लाख उपभोक्ताओं को सेवा दे रही हैं। विभाग ने सभी एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि तय समय-सीमा के भीतर उपभोक्ताओं तक सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस की कोई कमी नहीं: जिला पूर्ति अधिकारी
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. सीमा बालियान ने बताया कि जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि समय पर गैस पहुंचाना एजेंसियों की जिम्मेदारी है। अगर कोई एजेंसी देरी करती है या अतिरिक्त शुल्क वसूलती है, तो उपभोक्ता इसकी शिकायत विभाग में कर सकते हैं। शिकायत पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस सिलेंडर लेते समय रसीद जरूर लें और तय दर से अधिक भुगतान न करें। किसी भी गड़बड़ी की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने को कहा गया है। शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पारदर्शिता बढ़ेगी, उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ
इस नई व्यवस्था से जहां उपभोक्ताओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी, वहीं गैस वितरण प्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी। प्रशासन का मानना है कि इससे उपभोक्ताओं का भरोसा मजबूत होगा और शिकायतों में कमी आएगी।


