महाराष्ट्र दिवस पर मुंबई में होगा भव्य परेड शो, कई अहम सड़के रहेंगी बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

महाराष्ट्र दिवस पर मुंबई में होगा भव्य परेड शो, कई अहम सड़के रहेंगी बंद, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

महाराष्ट्र दिवस के मौके पर मुंबई पुलिस ने दादर और शिवाजी पार्क इलाके के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 1 मई को शिवाजी पार्क मैदान में होने वाली भव्य परेड के चलते सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक आसपास के कई मार्गों पर यातायात में बदलाव और प्रतिबंध लागू रहेंगे।

मुंबई में 1 मई को ‘महाराष्ट्र दिवस’ के मौके पर दादर स्थित शिवाजी पार्क मैदान में विशेष परेड का आयोजन किया जा रहा है। इस समारोह को सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने यातायात में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। 1 मई को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक शिवाजी पार्क के आसपास के कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।

इन जगहों पर लग सकता है जाम

मुंबई ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, शिवाजी पार्क की ओर जाने वाले विभिन्न रास्तों पर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया जाएगा। यह व्यवस्था परेड के दौरान आम जनता को होने वाली असुविधा और भीड़भाड़ से बचाने के लिए की गई है। पुलिस ने वाहन चालकों को सलाह दी है कि वे सुबह के समय इन मार्गों का उपयोग करने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का चुनाव करें।

परेड का मार्ग और पार्किंग व्यवस्था

जानकारी के मुताबिक, परेड का मार्च शिवाजी पार्क मैदान के गेट नंबर 5 से शुरू होगा। यह केलुस्कर रोड (उत्तर), सी रामचंद्र चौक, और एस सावरकर रोड (दक्षिण की ओर) से होते हुए संगीतकार वसंत देसाई चौक तक जाएगा और अंत में ‘नारली बाग’ पर समाप्त होगा।

पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए ये करें

बिना कार पास वाले नागरिकों और स्थानीय निवासियों को अपने वाहन प्लाजा सिनेमा के पास जेके सावंत रोड पर स्थित बीएमसी के कोहिनूर पार्किंग लॉट में पार्क करने होंगे। सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस की आम नागरिकों से अपील यातायात को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें और सहयोग करें ताकि महाराष्ट्र दिवस का यह गौरवशाली आयोजन बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *