फतेहपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती शोभायात्रा के दौरान युवाओं के दो गुटों में मारपीट हो गई। घटना बिंदकी बस स्टॉप के पास डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी भी मौजूद दिख रहे हैं। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अंबेडकर प्रतिमा से भीमराव अंबेडकर सेवा समिति के नेतृत्व में एक शोभायात्रा निकाली गई थी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर अंबेडकर पार्क में समाप्त हुई।
डीजे पर नाचने को लेकर हुई मारपीट
सदर कोतवाली क्षेत्र के बिंदकी बस स्टॉप के पास शोभायात्रा में शामिल युवाओं के बीच डीजे की धुन पर नाचने को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि युवाओं के दो गुटों में मारपीट होने लगी।
पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया
इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवा एक-दूसरे पर लात-घूंसे चला रहे हैं, जबकि शोभायात्रा में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उन्हें हटाने का प्रयास कर रहे हैं। शोभायात्रा में शामिल संगठन के सदस्यों ने भी बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। शोभायात्रा में शामिल पी.के. गौतम ने बताया कि यह एक मामूली विवाद था, जिसे सुलझा लिया गया और मारपीट करने वाले युवकों को समझा-बुझाकर साथ ले जाया गया। हालांकि, कोतवाली प्रभारी ने इस मामले में किसी भी जानकारी या शिकायत से इनकार किया है। आपको बता दें कि शोभायात्रा में भीड़ की सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो डीएसपी, कोतवाली प्रभारी और कई चौकी प्रभारी ड्यूटी पर तैनात थे।


