‘हमारे बीच चिंगारी तो थी’ आमिर खान संग अफेयर की खबरों पर पहली बार बोलीं पूजा भट्ट

‘हमारे बीच चिंगारी तो थी’ आमिर खान संग अफेयर की खबरों पर पहली बार बोलीं पूजा भट्ट

Pooja Bhatt on Aamir Khan relationship: बॉलीवुड 90 के दशक में जब भी सबसे चर्चित और गॉसिप गलियारों में अफेयर्स की बात होती है, तो फिल्म ‘दिल है कि मानता नहीं’ की शूटिंग के दौरान आमिर खान और पूजा भट्ट के लिंक-अप की खबरें सबसे ऊपर आती हैं। उस दौर के हर फिल्मी अखबार और मैगजीन में दोनों के गुपचुप रिश्ते को लेकर तरह-तरह के दावे किए जाते थे। अब सालों बाद, खुद पूजा भट्ट ने इस पर से पर्दा उठाया है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में पूजा ने कुबूल किया कि उस वक्त उन दोनों के बीच एक “चिंगारी” और बेहतरीन ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री जरूर थी, जिसकी वजह से अफेयर की अफवाहों को हवा मिली, लेकिन हकीकत में वह कभी किसी ठोस रिश्ते का रूप नहीं ले पाई।

पूजा भट्ट ने आमिर संग रिश्ते पर की बात (Pooja Bhatt on Aamir Khan relationship)

एक इंटरव्यू में पूजा भट्ट ने फिल्म की शूटिंग के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि आमिर खान उस दौर में भी शॉट देने से पहले खूब रिहर्सल करते थे। पूजा ने हंसते हुए कहा, “आमिर हर एक सीन को परफेक्ट बनाना चाहते थे। कुछ लोग कहेंगे कि वे फिल्म के हर काम में दखल देते थे, तो कुछ कहेंगे कि वे सिनेमा के हर पहलू में बेहद दिलचस्पी रखते थे। वे सेट पर मुझसे अजीबोगरीब सवाल करते थे, जैसे— ‘तुमने इतनी ऊंची हील्स क्यों पहनी हैं? यह तुम्हारे किरदार के हिसाब से ठीक नहीं लग रहा।’ हालांकि, मैंने आमिर से एक एक्टर के तौर पर बारीकियों को समझना और सटीकता से काम करना सीखा।”

आमिर के बर्ताव पर पूजा भट्ट (Dil Hai Ke Manta Nahin movie shooting memories)

इंटरव्यू के दौरान पूजा ने उस मशहूर नाविक (सेलर) टोपी का एक बेहद मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे आमिर ने पूरी फिल्म में पहना था। पूजा ने खुलासा किया, “फिल्म में आमिर कई बातों को लेकर गलत थे, लेकिन उस टोपी को चुनने का उनका फैसला 100 फीसदी सही था। वह टोपी असल में आमिर की अपनी सोच थी, जिसे उन्होंने अपने छोटे भतीजे इमरान खान से उधार मांगा था। जब वे उस बच्चों वाली टोपी को लेकर सेट पर आए, तो हम सब हैरान रह गए। हमने कहा- ‘अरे बाप रे! आप यह क्या ले आए, आप इसे फिल्म में नहीं पहन सकते, यह तो बच्चों की टोपी है।’ हम सब उनका मजाक उड़ा रहे थे। लेकिन आमिर अपनी बात पर अड़े रहे और बाद में वह टोपी इतनी मशहूर हुई कि देश के हर गली-नुक्कड़ पर बिकने लगी।”

Pooja Bhatt on Aamir Khan relationship

“हम कैमरे के सामने प्यार में डूब जाते थे” (Pooja Bhatt Aamir Khan chemistry)

जब पूजा से पूछा गया कि उन दिनों गॉसिप गलियारों में उनके और आमिर के अफेयर की खूब चर्चा थी, तो क्या आमिर सच में उनकी तरफ आकर्षित थे? इस पर पूजा खिलखिलाकर हंस पड़ीं और बोलीं, “यह सवाल तो आपको आमिर से पूछना चाहिए। वैसे उस उम्र में मैं काफी आकर्षक थी, तो अगर वे मेरी तरफ अट्रैक्ट होते तो इसमें उनका क्या कसूर? जहां तक मेरी बात है, तो मुझे आमिर बहुत अच्छे लगते थे। जब कैमरे रोल होते थे, तो हम दोनों सचमुच एक-दूसरे के प्यार में पूरी तरह डूब जाते थे।”

पूजा ने आगे कहा, “हम दोनों के बीच एक जबरदस्त चिंगारी थी, लेकिन क्या वह चिंगारी रियल लाइफ में किसी ठोस रिश्ते में बदल पाई? मुझे नहीं लगता। असल जिंदगी में हम दोनों टॉम और जेरी की तरह थे, जो हमेशा एक-दूसरे की टांग खींचते रहते थे और एक-दूसरे को उनकी औकात दिखा देते थे।” गौरतलब है कि उस समय आमिर खान पहले से ही अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता के साथ शादीशुदा जिंदगी बिता रहे थे। आमिर ने रीना से 1986 में गुपचुप शादी की थी, जो 2002 में तलाक पर खत्म हुई। इसके बाद किरण राव से भी उनका तलाक हो चुका है और वर्तमान में वे गौरी स्प्रैट के साथ रिलेशनशिप में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *