Urvashi Dholakia Pet Dog Death: टीवी इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया इस वक्त गहरे दुख से गुजर रही हैं। अपने दमदार किरदारों से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली उर्वशी की जिंदगी में अचानक ऐसा खालीपन आ गया है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं। उनकी जिंदगी का सबसे प्यारा हिस्सा रहा उनका पालतू डॉग ‘जैगर’ अब इस दुनिया में नहीं रहा और सबसे ज्यादा दिल तोड़ने वाली बात ये है कि उसने अपने ही जन्मदिन के दिन आखिरी सांस ली।
उर्वशी ने फैंस के साथ साझा की दुखद खबर (Urvashi Dholakia Pet Dog Death)
उर्वशी ने अपने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद खबर को साझा किया। उन्होंने कुछ पुरानी तस्वीरें पोस्ट करते हुए एक भावुक संदेश लिखा, जिसमें उनके दर्द और यादों का सैलाब साफ झलक रहा था। उन्होंने बताया कि जैगर सिर्फ एक पालतू पेट नहीं था, बल्कि परिवार का सदस्य था- एक ऐसा साथी जिसने हर खुशी और हर मुश्किल में उनका साथ निभाया।
11 साल का साथ, यादों में बदल गया (Urvashi Dholakia Pet Dog Death)
जैगर एक साइबेरियन हस्की था, जिसने करीब 11 साल तक उर्वशी और उनके बच्चों के जीवन को खुशियों से भरे रखा। 26 अप्रैल 2015 को जन्मा जैगर, 26 अप्रैल 2026 को ही इस दुनिया से चला गया। इस संयोग ने इस दुख को और भी गहरा बना दिया है। उर्वशी ने लिखा कि जैगर के जाने के बाद घर में जो सन्नाटा छाया है, वो बेहद भारी है।

उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि जैगर की मौजूदगी ने उनके साधारण दिनों को भी खास बना दिया था। उसकी मासूमियत, उसका प्यार और उसकी वफादारी- ये सब अब सिर्फ यादों में रह गए हैं।
करियर में भी रही हैं सक्रिय
अगर उर्वशी के करियर की बात करें तो उन्होंने पिछले तीन दशकों में कई यादगार शोज में काम किया है। ‘कसौटी जिंदगी की’ में ‘कोमोलिका’ के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। हाल ही में वो रियलिटी शो ‘द 50’ में नजर आई थीं, जहां उन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीता।


