बरेली में इन दिनों चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डेलापीर क्षेत्र में हाल ही में हुई 40 लाख की चोरी का पुलिस अभी खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि कैंट थाना क्षेत्र के रामेश्वर धाम फेस 2 में एक और बड़ी चोरी सामने आ गई है। इस बार चोरों ने बड़ी ही सफाई से सेना के जवान के घर को अपना शिकार बनाया और लाखों के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए। आगरा में तैनात है फौजी गौरव कुमार
सेना के जवान गौरव कुमार (32) पुत्र मुनेंद्र सिंह इस समय आगरा में तैनात हैं। गौरव के अनुसार, वे कल एक रिश्तेदार के घर दसवें संस्कार में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। मंगलवार 2 जून की रात करीब 9 बजे पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर घर का ताला टूटा होने की जानकारी दी, जिससे फौजी के होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा और सेफ का ताला टूटा
सूचना मिलते ही गौरव तुरंत बरेली पहुंचे और अपने घर की हालत देखी। घर के अंदर घुसते ही उन्हें सब कुछ बिखरा हुआ मिला। चोरों ने न केवल अलमारी और सामान को खंगाला, बल्कि घर में रखी सेफ का ताला भी तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। लाखों का माल लेकर फरार हुए चोर
फौजी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोर उनके घर से करीब 20 तोला सोना, ढाई सौ ग्राम चांदी, पीतल के बर्तन और खाने-पीने का सामान ले गए हैं। इसके अलावा चोरों ने अलमारी में रखे 10 हजार रुपये नकद भी पार कर दिए। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके।


